
जब दिवाली की रोशनी में पूरा दिल्ली-एनसीआर जगमगाएगा, तब दिल्ली मेट्रो भी ‘फेस्टिव मूड’ में दिखाई देगी. हालांकि इस बार दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने त्योहार की भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव कर दिए हैं. इसलिए अगर आप दिवाली की रात देर से घर लौटने की सोच रहे हैं, तो अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, क्योंकि इस बार आखिरी मेट्रो एक घंटा पहले चलने वाली है.
19 अक्टूबर को 6 बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं
डीएमआरसी के मुताबिक दिवाली की पूर्व संध्या यानी कि 19 अक्टूबर को पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएंगी. जबकि आम दिनों में इन लाइनों पर मेट्रो सुबह 7 बजे चलती है. यानी इस दिन यात्रियों को एक घंटा पहले मेट्रो की सुविधा मिलेगी ताकि लोग आसानी से त्योहार की खरीदारी, पूजा की तैयारी या रिश्तेदारों से मिलने के लिए जा सकें.
दिल्ली मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 10 बजे
वहीं 20 अक्टूबर को दिवाली के दिन दिल्ली मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 10 बजे सभी टर्मिनल स्टेशनों से रवाना की जाएगी. इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल की गई है. जबकि सामान्य दिनों में आखिरी मेट्रो रात 11 बजे चलती है, लेकिन दिवाली पर यह एक घंटा पहले बंद कर दी जाएगी. इसके साथ ही डीएमआरसी द्वारा यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय जरूर जांच लें, ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े. वहीं 19 और 20 अक्टूबर के अलावा बाकी सभी दिनों में मेट्रो सेवाएं अपने नियमित समय पर चलेंगी. डीएमआरसी ने यह भी कहा है कि दिवाली की रात अधिक भीड़ होने की आशंका है. इसलिए यात्री कार्ड या मोबाइल टिकट का पहले से इस्तेमाल करें, ताकि लंबी कतारों से बचा जा सके.
इसे भी पढ़ें : सज-धज कर Ayodhya तैयार बिछाए गए 25 लाख से ज्यादा दिए, बनेगा फिर ये नया रिकॉर्ड
दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के लिए एक और खुशखबरी
यही नहीं दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए एक और अच्छी खबर आई है. दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच मेट्रो का ट्रायल रन शुरू हो गया है. यह हिस्सा मैजेंटा लाइन (लाइन 8) के एक्सटेंशन का भाग है. इस रूट पर कुल 7 स्टेशन दीपाली चौक, पीतमपुरा, प्रशांत विहार, नॉर्थ पीतमपुरा, हैदरपुर-बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क होंगे. यह नया कॉरिडोर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा. इससे यात्रियों को नई कनेक्टिविटी मिलेगी और भीड़भाड़ कम होगी. डीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल सफल रहने के बाद जल्द ही इस रूट को भी यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा.