
दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले कई दिनों से तेज गर्मी और उमस झेल रहे थे लेकिन मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली. दुर्गा अष्टमी के दिन नोएडा और गाजियाबाद सहित एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली. वहीं दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज बारिश ने लोगों ने चौंका दिया.
एयर इंडिया ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
वहीं दिल्ली के कई इलाकों में हुई भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई. खासकर जखीरा अंडरपास में पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक प्रभावित रहा और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं बदलते मौसम और बारिश के असर को देखते हुए एयर इंडिया ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एयरलाइन ने कहा है कि बारिश की वजह से उड़ानों की टाइमिंग प्रभावित हो सकती है. इसलिए यात्री एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय निकालें.
बादलों से ढका आसमान, मौसम खुशनुमा
दूसरी ओर बारिश के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों का मौसम सुहावना हो गया. आसमान में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली. खासकर साउथ दिल्ली में बारिश ने माहौल खुशनुमा बना दिया. बता दें कि सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे. ऐसे में मंगलवार को हुई बूंदाबांदी ने लोगों को राहत पहुंचाई और मौसम खुशनुमा कर दिया.
इसे भी पढ़ें : Trump के मास्टर प्लान से Gaza में युद्धविराम की उम्मीदें बढ़ीं, Israel ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, अब Hamas के रुख पर टिकी निगाहें
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हवाओं का रुख बदला है. इसकी वजह से अगले दो दिन तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना भी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि बारिश और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी.