Delhi-NCR Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें पानी में डूब गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। दिल्ली से नोएडा और गुरुग्राम तक वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। कई जगहों पर पानी इतना भर गया कि एंबुलेंस तक फंस गई। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
बारिश ने रोकी दिल्ली की रफ्तार, जगह-जगह लगा लंबा जाम
तेज बारिश के बाद राजधानी दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। मेहरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर और शाहीन बाग जैसे इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं।पूर्वी दिल्ली के जीटी रोड, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन में भी गाड़ियां धीमी रफ्तार से चलती दिखाई दीं। बारिश और जलभराव के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कई गुना ज्यादा समय लगा।
नोएडा से गुरुग्राम तक जलभराव, लोग परेशान
दिल्ली से सटे नोएडा और गुरुग्राम में भी बारिश का असर देखने को मिला। नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।कई लोगों ने सोशल मीडिया पर जलभराव और जाम की तस्वीरें व वीडियो साझा किए। लोगों का कहना है कि कुछ जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल खराब होने और पुलिसकर्मियों की कमी के कारण परेशानी और बढ़ गई।
महामाया पुल अंडरपास में फंसी एंबुलेंस
बारिश के बाद नोएडा के महामाया पुल अंडरपास में पानी भर गया। हालात इतने खराब हो गए कि एक एंबुलेंस पानी में फंस गई। वीडियो में एंबुलेंस के आसपास काफी पानी दिखाई दिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी कमर तक पहुंच गया था और किसी को अंदाजा नहीं था कि अंडरपास में इतना जलभराव हो जाएगा। इस स्थिति ने आपात सेवाओं के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।
स्कूल और कॉलोनियां भी जलभराव की चपेट में
दिल्ली के दुर्गा विहार इलाके में भारी जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। एमसीडी स्कूल के आसपास भी पानी भर गया, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।स्कूल प्रधानाचार्य ने बताया कि नाले की सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है। प्रशासन की लापरवाही के कारण लोगों को बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट, 10 अगस्त तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।सफदरजंग, लोधी रोड और रिज सहित कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
गुरुग्राम में ट्रैफिक संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
गुरुग्राम में भी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। ट्रैफिक पुलिस ने हालात संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।अधिकारियों के अनुसार जलभराव वाले स्थानों की निगरानी की जा रही है और इमरजेंसी स्थिति में मदद के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं।