Delhi-Noida Traffic Alert: दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों को शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर कांशीराम परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसी को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम के दौरान एक्सप्रेसवे और आसपास की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ऐसे में दिल्ली या नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले और वहां से लौटने वाले लोगों को सफर शुरू करने से पहले निर्धारित रास्तों की जानकारी ले लेनी चाहिए। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
इन रास्तों पर किया जा सकता है ट्रैफिक डायवर्ट
1.नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वालों के लिए
एक्सप्रेसवे से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर की ओर भेजा जा सकता है। यहां से लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
2.कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहन चालकों के लिए
कालिंदी कुंज की तरफ से दिल्ली-चिल्ला या डीएनडी मार्ग की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-37 से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए आगे बढ़ सकेंगे।
3. ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वालों के लिए
एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले रास्ते पर यदि दलित प्रेरणा स्थल के पास वाहनों का दबाव बढ़ता है, तो महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर ट्रैफिक भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
4.दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 और 5 के पास जाम होने पर
कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वारों के पास यातायात प्रभावित होने की स्थिति में फिल्म सिटी फ्लाईओवर से वाहनों को सेक्टर-18 की ओर मोड़ा जा सकता है। इसके बाद लोग सेक्टर-18 से रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर के रास्ते आगे जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर सेक्टर-18 अंडरपास से एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
5.नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले लोगों के लिए
डीएनडी और फिल्म सिटी फ्लाईओवर के आसपास वाहनों की भीड़ बढ़ने पर सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से ट्रैफिक को सेक्टर-15 गोलचक्कर की तरफ डायवर्ट किया जा सकता है। यहां से वाहन रजनीगंधा चौक, अट्टापीर चौक और सेक्टर-37 होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ व्यवहार को लेकर चर्चा तेज, दिल्ली पुलिस ने पोस्ट किए वीडियो
घर से निकलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
ट्रैफिक में फंसने से बचने के लिए वाहन चालक अपनी यात्रा की योजना पहले ही बना लें। खासकर दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखना जरूरी है। कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ बढ़ने पर निर्धारित मार्गों में बदलाव हो सकता है, इसलिए यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और संभव हो तो अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।