Delhi Onion Price : दिल्ली-एनसीआर में प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने अपने बफर स्टॉक से प्याज की खुदरा बिक्री शुरू कर दी है। दिल्ली में लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए सरकारी स्टोर, रिटेल आउटलेट्स और मोबाइल वैन का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सस्ता प्याज पहुंचाया जा सके।
100 केंद्रीय भंडार स्टोर पर बिक्री
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में करीब 100 केंद्रीय भंडार स्टोर के जरिए सस्ता प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा NCCF और NAFED के रिटेल काउंटरों पर भी प्याज की बिक्री की जा रही है। NCCF के करीब 9 से 15 काउंटर और NAFED के 13 आउटलेट्स इस व्यवस्था में शामिल हैं। मदर डेयरी के सफल स्टोर से भी उपभोक्ताओं को 35 रुपये किलो की दर पर प्याज मिल रहा है।
इन इलाकों में मोबाइल वैन पहुंची
सरकारी मोबाइल वैन को दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में तैनात किया गया है। इनमें कृषि भवन, CGO कॉम्प्लेक्स, FCI बाराखंबा रोड, शास्त्री भवन, पंडारा पार्क, लाजपत नगर, कालकाजी, CR पार्क, INA मार्केट, आश्रम, किदवई नगर और भीकाजी कामा प्लेस शामिल हैं। इसके अलावा जंगपुरा, मयूर विहार, रोहिणी सेक्टर-22, नरेला, अलीपुर, शालीमार बाग और वजीरपुर में भी मोबाइल वैन के जरिए प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Mumbai वालों पर महंगाई की डबल मार! सितंबर से दूध-ऑटो दोनों होंगे महंगे, जेब पर पड़ेगा सीधा असर
बवाना से नजफगढ़ तक सुविधा
सस्ते प्याज की मोबाइल बिक्री के लिए मॉडल टाउन, विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, नजफगढ़ बस स्टैंड, कीर्ति नगर, नांगलोई, टिकरी बॉर्डर, बवाना और लोकनायक पुरम जैसे इलाकों को भी शामिल किया गया है। सरकार का उद्देश्य ज्यादा मांग वाले इलाकों में बफर स्टॉक पहुंचाकर बाजार में कीमतों को नियंत्रित करना है।
NCR के इन शहरों में भी मिलेगा
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में भी 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में सरकारी रिटेल दुकानों और मोबाइल वितरण केंद्रों के जरिए बफर स्टॉक का प्याज बेचा जा रहा है। उपलब्धता स्थानीय सेंटर और स्टॉक के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
दिल्ली पहुंची 450 टन प्याज की खेप
सरकार ने दिल्ली में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र के नासिक जिले के लासलगांव से करीब 450 टन प्याज की विशेष खेप दिल्ली भेजी है। 21 डिब्बों वाली ‘कांदा एक्सप्रेस’ शुक्रवार सुबह दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पहुंची। इस खेप से राजधानी में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है।