Saheli Pink Smart Card : दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं के लिए अहम बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली सरकार ने साफ कर दिया है कि 30 सितंबर 2026 के बाद पिंक रंग के कागजी टिकट की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। अब महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' का इस्तेमाल करना होगा। सरकार के मुताबिक अब तक 18.5 लाख से अधिक कार्ड जारी किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।
1 अक्टूबर से कार्ड के बिना नहीं मिलेगी फ्री यात्रा
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और क्लस्टर बसों में 1 अक्टूबर 2026 से महिलाओं को इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर अपना सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड टैप करना होगा। इसके बाद ही मुफ्त यात्रा की अनुमति मिलेगी। जिन महिलाओं के पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह टिकट खरीदकर किराया देना पड़ेगा। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से टिकटिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनेगी।
कौन बनवा सकता है सहेली पिंक कार्ड?
दिल्ली में रहने वाली 5 वर्ष या उससे अधिक उम्र की सभी महिलाएं और ट्रांसजेंडर नागरिक इस कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और आधार से जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर जरूरी होगा। पहली बार यह कार्ड पूरी तरह मुफ्त जारी किया जाएगा। हालांकि कार्ड खोने या खराब होने की स्थिति में नया कार्ड बनवाने के लिए 59 रुपये शुल्क देना होगा। जारी होने के बाद कार्ड की वैधता 5 वर्ष तक रहेगी।
ये भी पढ़ें : हाईवे पर सफर होगा और सुरक्षित, NHAI ने जारी किए नए नियम, एंट्री-एग्जिट से लेकर स्पीड तक बड़ा बदलाव
ऑफलाइन आवेदन का आसान तरीका
जो लोग ऑफलाइन आवेदन करना चाहते हैं, वे अपने नजदीकी डीटीसी केंद्र, जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय या एसडीएम कार्यालय में जाकर कार्ड बनवा सकते हैं। वहां मौजूद अधिकारी को नाम, मोबाइल नंबर और आधार संबंधी जानकारी देनी होगी। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए सत्यापन पूरा होने के बाद कार्ड जारी कर दिया जाएगा। कई केंद्रों पर आवेदन के दिन ही कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है।
घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
ऑनलाइन आवेदन के लिए महिलाओं को मुफिनपे पोर्टल या मोबाइल ऐप का उपयोग करना होगा। मोबाइल नंबर और आधार विवरण दर्ज करने के बाद ओटीपी सत्यापन पूरा करना होगा। इसके बाद एक क्यूआर आधारित स्वीकृति पर्ची डाउनलोड की जा सकती है। इस पर्ची के साथ अधिकृत डीटीसी केंद्र से फिजिकल स्मार्ट कार्ड प्राप्त किया जा सकता है। इससे लोगों को लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी।
मेट्रो में भी काम आएगा कार्ड, बढ़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड सिर्फ बसों में मुफ्त यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। यह एक कॉमन मोबिलिटी कार्ड की तरह भी काम करेगा, जिसका इस्तेमाल दिल्ली मेट्रो और रैपिड रेल में किया जा सकेगा। हालांकि इन सेवाओं के लिए कार्ड को रिचार्ज करना होगा। वहीं दिल्ली सरकार ने अगले महीने 150 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने की भी घोषणा की है। सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत बनाते हुए दिल्ली को स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाना है।