
दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ टीम ने मानव तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को पकड़ा है। आरोप है कि ये लोग यूपी, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से नाबालिग लड़के-लड़कियों को उठाकर कश्मीर ले जाते थे। यहां पर घरों में बंधुआ मजदूरी को लेकर बेच दते थे।
तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ हो गया
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने बच्चों की कीमत भी तय कर रखी थी. एक लड़के की कीमत करीब 20 हजार रुपये और एक लड़की की कीमत 45 हजार रुपये तक लगाई थी. दरअसल, दिसंबर 2024 में भलस्वा डेरी इलाके से दो बच्चियों के किडनैप होने की शिकायत पुलिस के सामने आई थी। इसके बाद जब पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांचा तो पूरे तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ हो गया।
16 वर्ष का बच्चा गाजियाबाद से लापता था
जांच में सामने आया है कि आरोपी सूरज और सलीम रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से बच्चों को बहला फुसलाकर लाते थे। इसके बाद बच्चे को बसों के जरिए श्रीनगर लाते और वहां पर इन्हें अलग-अलग एजेंसियों को बेच देते। जांच के दौरान पुलिस टीम पांच दिन तक श्रीनगर में रुकी और वहां से 2 नाबालिग लड़कियों सहित 3 नाबालिग बच्चों को बरामद किया। इनमें से एक 16 वर्ष का बच्चा गाजियाबाद से लापता था।
आरोपी VA मैनपावर नाम से एक एजेंसी चलाता है
जांच में सामने आया है कि सलीम नाम का आरोपी VA मैनपावर नाम से एक एजेंसी चलाता है। इस एजेंसी में बच्चों को बेचा जाता था. इस मामले में पुलिस ने सूरज, सलीम, तालिब और रतनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस की टीम अब ये पता कर रही है कि आखिरकार ये गैंग कब से काम कर रहा था। अब तक कितने बच्चों और बच्चियों को कश्मीर भेज चुका है.