Delhi Police Special Cell: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए तीन से अधिक आतंकियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी हैं और इनकी कड़ी शहजाद भट्टी नाम के आतंकी से मिली है, जो लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी युवक नॉर्थ इंडिया के अलग-अलग इलाकों से संबंध रखते हैं और पिछले कुछ महीनों से भारत में आतंकी नेटवर्क मजबूत करने की कोशिशों में लगे थे।
तीन राज्यों से हुई गिरफ्तारी
स्पेशल सेल द्वारा जिन आतंकियों को पकड़ा गया है, उनकी गिरफ्तारी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पंजाब से की गई है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एक संगठित ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें कई टीमों ने एक साथ छापेमारी की। हालांकि, मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा करेगी। जांच एजेंसियों को शक है कि यह मॉड्यूल दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से भी जुड़ा हो सकता है, जिसमें 15 लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। उस धमाके में एक कार का इस्तेमाल किया गया था, जिसे चलाने वाला भी डॉक्टरों की उसी संदिग्ध चेन का हिस्सा पाया गया था।
आतंकी नेटवर्क में कलह
जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली ब्लास्ट केस में जुड़े आतंकियों के बीच आंतरिक मतभेद थे। उमर नाम का आरोपी कश्मीर में बुरहान वानी और जाकिर मूसा का उत्तराधिकारी बनने की महत्वाकांक्षा रखता था। वहीं फरीदाबाद से पकड़े गए मॉड्यूल के सदस्य अल-कायदा (AQIS) की विचारधारा से प्रभावित पाए गए, जबकि उमर ISIS और जैश जैसे संगठनों की सोच से प्रेरित था। इन अलग-अलग संगठनों की विचारधाराओं का मिश्रण जांच एजेंसियों के लिए बड़ा संकेत है कि देश के अंदर सक्रिय मॉड्यूल एक-दूसरे से जुड़ते और टूटते रहते हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।