नई दिल्ली। 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनज़र राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। इस बार दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा में तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल किया है। परेड स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस वाले अब AI से लैस खास चश्मा पहने रहेंगे, जो संदिग्धों और अपराधियों की पहचान में मदद करेगा।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इन चश्मों में लगे कैमरे में 65,000 अपराधियों का डेटा फीड किया गया है। पुलिसवाले अपने मोबाइल ऐप के ज़रिए इन चश्मों को कनेक्ट करेंगे। अगर कोई अपराधी या संदिग्ध पुलिस की नज़र में आता है, तो फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के ज़रिए उसकी पहचान तुरंत हो जाएगी। अपराधी की पहचान होते ही चश्मा पुलिसवाले को अलर्ट देगा, जिससे तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अगर कोई अपराधी चेहरा बदलकर परेड में आता है, तो AI तकनीक उसके असली चेहरे की पहचान कर पुलिस को सतर्क कर देगी। इसके अलावा, चश्मा लोगों की थर्मल स्कैनिंग भी करेगा, जिससे परेड स्थल पर कोई मना की गई वस्तु लेकर प्रवेश करने वाला पकड़ा जा सके।
इस बार रिपब्लिक डे परेड में 10,000 से अधिक पुलिस जवान, पैरामिलिट्री फोर्स, कमांडो और स्नाइपर्स तैनात रहेंगे। बड़े रेलवे स्टेशनों, मेट्रो कॉम्प्लेक्स, बस टर्मिनल, भीड़भाड़ वाले बाज़ारों और IGI एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह हाई-टेक चश्मा परेड के दौरान नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ अपराधियों पर पैनी नज़र रखने में अहम भूमिका निभाएगा।