नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग और डाटा प्रबंधन में एक बार फिर देशभर में अपना दबदबा कायम रखा है। सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड पर दिल्ली पुलिस ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रथम स्थान बरकरार रखा है।पिछले वर्ष अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2025 में 100 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद दिल्ली पुलिस ने जनवरी 2026 में भी पहला स्थान प्राप्त कर अपनी निरंतर उत्कृष्टता को साबित किया है।
देवेश चंद्र श्रीवास्तव,विशेष पुलिस आयुक्त, अपराध शाखा, ने बताया कि प्रगति डैशबोर्ड की मॉनिटरिंग गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा की जाती है। इसमें राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों का मूल्यांकन डाटा की गुणवत्ता, मात्रा, समयबद्धता और सटीकता के आधार पर किया जाता है।इस उपलब्धि में क्राइम ब्रांच की सीसीटीएनएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने डाटा की गुणवत्ता की सतत निगरानी, जिलों और थानों के साथ रियल-टाइम समन्वय, तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक चुनौतियों का समय पर समाधान और फील्ड यूनिट्स का नियमित मार्गदर्शन सुनिश्चित किया।
सभी पुलिस जिलों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करते हुए जांच संबंधी अभिलेखों का त्वरित और सटीक अपडेट, डाटा का प्रभावी डिजिटलीकरण तथा पर्यवेक्षी एवं तकनीकी टीमों के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया।
दिल्ली पुलिस ने ‘नवीन न्याय संहिता’ के प्रभावी क्रियान्वयन, आपराधिक न्याय प्रणाली को सुदृढ़ करने, पारदर्शिता बढ़ाने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से जवाबदेह व संवेदनशील पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
पुलिस आयुक्त ने दी बधाई
दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने क्राइम ब्रांच सीसीटीएनएस टीम और सभी जिलों को इस निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों के पेशेवर रवैये, समर्पण और टीमवर्क की सराहना करते हुए तकनीक आधारित और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को और मजबूत करने का आह्वान किया।