दिल्ली में भारी बारिश ने भीषण गर्मी से राहत तो दी, लेकिन इसके साथ ही लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। कई इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर यातायात धीमा होने के बीच अब हवाई सफर भी प्रभावित हुआ है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बारिश का असर विमानों की आवाजाही पर पड़ा है। दिल्ली से उड़ान भरने और यहां उतरने वाली उड़ानों के प्रभावित होने के बाद यात्रियों के लिए सलाह जारी की गई है।
इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की सलाह
इंडिगो ने यात्रियों से कहा है कि भारी बारिश के कारण दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ रहा है। ऐसे में एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की मौजूदा स्थिति जरूर जांच लें। कंपनी ने यात्रियों को अपनी वेबसाइट या ऐप के जरिए उड़ान की जानकारी देखने की सलाह दी है। साथ ही एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा समय लेकर निकलने को कहा गया है।
एयरपोर्ट पहुंचने में भी हो सकती है देरी
बारिश का असर सिर्फ उड़ानों पर ही नहीं, बल्कि एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी दिखाई दे रहा है। सड़कों पर पानी भरने और यातायात धीमा होने के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में ज्यादा समय लग सकता है। इसी वजह से एयरलाइन ने यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर यात्रा शुरू करने की अपील की है, ताकि सड़क पर जाम या धीमी रफ्तार के कारण उनकी उड़ान न छूटे।
ये भी पढ़ें : कांवड़ यात्रा 2026 के लिए Railway का बड़ा इंतजाम, Haridwar तक बढ़ीं ट्रेनें, जानें पूरा टाइमटेबल
दिल्ली में मौसम विभाग का रेड अलर्ट
राजधानी में लंबे इंतजार के बाद हुई तेज बारिश के बीच मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। सदर बाजार, संसद क्षेत्र और मंडी हाउस समेत कई इलाकों में भारी बारिश की जानकारी सामने आई है। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश हो रही है। सुबह से ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए थे, जिसके बाद बारिश का दौर तेज हो गया।
अगले कुछ घंटों में भी खराब रह सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ घंटों तक दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और बिना जरूरत बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
फ्लाइट पकड़ने जा रहे हैं तो इन बातों का रखें ध्यान
दिल्ली से विमान यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सबसे जरूरी है कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें। सड़क पर सामान्य से ज्यादा समय लगने की आशंका को देखते हुए पहले निकलना बेहतर होगा। मौसम खराब रहने तक उड़ानों के समय में बदलाव या देरी की स्थिति बन सकती है। इसलिए यात्रियों को एयरलाइन से मिलने वाली ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।