Software Engineer Murder----दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। आरोप है कि बच्चे को दवा लगाने को लेकर पत्नी से विवाद के बाद उसके मायके से छह लोग घर पहुंचे और विनय के साथ मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि वारदात से पहले घर का CCTV बंद कर दिया गया था। मामले में पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
बच्चे को दवा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
परिवार के मुताबिक, शुक्रवार को विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच बच्चे को दवा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। मामूली कहासुनी के बाद रेखा नाराज होकर घर से बाहर चली गई। करीब 10 मिनट बाद वह अपने पिता, दो भाइयों, बड़ी भाभी और चाचा समेत छह लोगों के साथ वापस घर पहुंची। आरोप है कि इसके बाद बातचीत के बजाय विनय के साथ मारपीट शुरू हो गई।
पानी लेकर आया विनय, फिर शुरू हो गई मारपीट
परिवार के अनुसार, मायके से आए लोगों के लिए विनय पानी लेकर आया था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि विनय का गला दबाया गया और उसकी छाती पर हाथ-पैर से वार किए गए। मारपीट के बाद वह कमरे में गिरकर बेसुध हो गया। विनय की मां ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि रेखा ने उनकी बांह पकड़कर उन्हें दूर कर दिया। उस समय विनय के पिता और बहन घर से बाहर थे।
वारदात से पहले CCTV बंद करने का आरोप
विनय के परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना से पहले घर में लगे CCTV कैमरों को बंद कर दिया गया था। इसके चलते घर के भीतर हुई पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। हालांकि, पड़ोसी के CCTV कैमरे में घर पर कुछ लोगों के पहुंचने और बाद में बाहर निकलने की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने इसी तरह के साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई है।
12 मिनट में बदला पूरा घटनाक्रम
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:12 बजे रेखा के मायके से उसके पिता, भाई, भाभी और चाचा समेत छह लोग घर पहुंचे। इसके बाद घर के भीतर विवाद और मारपीट होने का आरोप है। करीब 1:24 बजे पड़ोसी मौके पर पहुंचे और विनय को बेसुध हालत में घर से बाहर निकाला। वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। पड़ोस का एक युवक उसे कंधे पर उठाकर अस्पताल ले गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पत्नी समेत चार गिरफ्तार, दो की तलाश
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए विनय की पत्नी रेखा, उसके पिता ज्ञान चंद्र जिंदल और दो भाइयों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य लोगों के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और उसका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये बताया गया है। करीब साढ़े तीन साल पहले उसकी शादी रेखा से हुई थी। चार महीने पहले ही दोनों जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने थे।