Delhi Crime: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 17 साल की लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत में सड़ी-गली हालत में मिले शव की पहचान करना भी मुश्किल था। पुलिस ने आसपास लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच आगे बढ़ाई। मामले में एक वयस्क समेत तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, लड़की आरोपियों को पहले से जानती थी और वारदात वाले दिन उनके साथ टेम्पो में गई थी।
खेत में कुत्ते नोच रहे थे शव
13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर इलाके के कुशक रोड स्थित एक खेत में लोगों ने कुत्तों को एक शव नोचते देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शव बेहद खराब हालत में मिला। शरीर का एक हाथ अलग था और कई हिस्से जानवरों ने नोच दिए थे। शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआती तौर पर यह तक पता नहीं चल सका कि मृतक पुरुष है या महिला।
चाकू के घावों से हत्या का खुलासा
मेडिकल जांच और पोस्टमॉर्टम के बाद मृतका की पहचान 17 साल की लड़की के तौर पर हुई। पुलिस के मुताबिक, उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान मिले थे। जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि भी हुई। पुलिस का आरोप है कि लड़की के साथ कथित गैंगरेप के बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या की गई। आशंका है कि वारदात 11 सितंबर को हुई थी और इसके बाद शव खेत में फेंक दिया गया।
आरोपियों के साथ टेम्पो में गई थी लड़की
पुलिस की जांच में सामने आया कि लड़की चारों आरोपियों को पहले से जानती थी। पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन वह उनके साथ एक टेम्पो में गई थी। इसके बाद उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव सुनसान खेत में फेंक दिया गया। परिवार के मुताबिक, लड़की पहले भी कुछ दिनों के लिए घर से बाहर चली जाती थी, इसलिए शुरुआत में उसके वापस नहीं आने पर ज्यादा शक नहीं हुआ।
50 से ज्यादा CCTV फुटेज बनी अहम कड़ी
मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था और शव की हालत भी बेहद खराब थी। ऐसे में पुलिस ने इलाके और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान एक टेम्पो जांच के घेरे में आया। अंधेरे के कारण उसका नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन अलग-अलग कैमरों की फुटेज जोड़कर पुलिस ने उसके रूट को ट्रैक किया। 15 और 16 सितंबर की दरम्यानी रात सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस संदिग्ध टेम्पो तक पहुंची।
एक वयस्क समेत तीन नाबालिग गिरफ्तार
जांच के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक वयस्क शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचू और तीन नाबालिग शामिल हैं। तीनों नाबालिगों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू, वारदात के समय पहने गए कपड़े और टेम्पो बरामद किया है। मामले में BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस की जांच अभी जारी है।