
Delhi to Meerut now in minutes: दिल्ली और मेरठ के बीच सफर अब और भी तेज और आरामदायक होने जा रहा है। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर का अहम हिस्सा सराय काले खां स्टेशन तैयार हो चुका है और इसका उद्घाटन 17 सितंबर को होने की संभावना है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वही इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इस स्टेशन के शुरू होने के बाद दिल्ली से मेरठ तक का 82.15 किलोमीटर लंबा सफर एक घंटे से भी कम समय में तय किया जा सकेगा।
NCR का सबसे बड़ा ट्रांजिट स्टेशन
सराय काले खां को इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा और आधुनिक स्टेशन बनाया गया है। यह न सिर्फ दिल्ली और मेरठ को जोड़ेगा, बल्कि एनसीआर के लिए एक प्रमुख ट्रांजिट हब बनेगा। यहां से यात्रियों को सीधे रेलवे, मेट्रो और बस टर्मिनल का कनेक्शन मिलेगा। 215 मीटर लंबे, 50 मीटर चौड़े और 15 मीटर ऊंचे इस स्टेशन को तीन अलग-अलग RRTS कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है। करीब 30,000 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का मकसद दिल्ली-मेरठ रूट पर सार्वजनिक परिवहन की हिस्सेदारी को 37% से बढ़ाकर 63% करना है।
यह भी देखेंःBihar SIR: बिहार SIR पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, गैरकानूनी प्रक्रिया हुई तो पूरी कवायद रद्द
तेज, सुरक्षित और आधुनिक ‘नमो भारत’
इस कॉरिडोर पर चलने वाली ट्रेनें ‘नमो भारत’ नाम से दौड़ेंगी और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचेंगी। यात्रियों को सीट रिजर्वेशन की जरूरत नहीं होगी और उन्हें मेट्रो जैसी सुविधा मिलेगी। महिलाओं की सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया गया है, जिसमें डेडिकेटेड कोच, महिला कर्मचारियों की नियुक्ति और हाईटेक निगरानी सिस्टम शामिल हैं। अभी 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चालू है, जिसमें 11 स्टेशन शामिल हैं। सराय काले खां स्टेशन के शुरू होने से न केवल दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के लिए भी बड़ा कदम साबित होगा।