Delhi Traffic Advisory Today: दिल्ली में आज यानी गुरुवार, 5 नवंबर को शाम के समय घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का हाल जरूर जान लें। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम के चलते आसपास की कई सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने वाला है। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत शाम 4 बजे से 6 बजे तक कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी, जबकि कई सड़कों पर जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में इस इलाके से गुजरने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ सकता है।
इन प्रमुख सड़कों पर लागू रहेंगे प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, शाम 4 बजे से सेक्रेटेरिएट रोड और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर भी यातायात की स्थिति के अनुसार नियंत्रण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान इन सड़कों पर वाहनों को दूसरे रास्तों की ओर भेजा जा सकता है। इसलिए इन मार्गों से होकर जाने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले ही बना लेनी चाहिए।
इन इलाकों में भी बदल सकता है वाहनों का रास्ता
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रिंग रोड पर शांति वन क्रॉसिंग से भैरों मार्ग क्रॉसिंग के बीच यातायात प्रभावित हो सकता है। सलीमगढ़ बाईपास पर गीता कॉलोनी फ्लाईओवर अंडरपास से आईपी फ्लाईओवर की तरफ जाने वाले वाहनों पर भी रोक लगाई जा सकती है। इसके अलावा डब्ल्यू-पॉइंट से दिल्ली गेट, बहादुर शाह जफर मार्ग और दिल्ली गेट से राजघाट तक जेएलएन मार्ग पर भी ट्रैफिक का दबाव देखने को मिल सकता है। राजघाट से किशन घाट की ओर जाने वाले पावर हाउस रोड पर भी आवाजाही प्रभावित रहने की आशंका है। वहीं, आईटीओ से यमुना ब्रिज की तरफ आईपी मार्ग और विकास मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी हो सकती है।
शाम के समय इन रास्तों का इस्तेमाल करने से बचें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें। खासतौर पर बहादुर शाह जफर मार्ग, आईपी मार्ग, विकास मार्ग, जेएलएन मार्ग, रिंग रोड और सलीमगढ़ बाईपास से गुजरने वाले वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। इसके अलावा प्रतिबंधित इलाकों में पार्किंग की भी अनुमति नहीं होगी। सेक्रेटेरिएट रोड, वेलोड्रोम रोड, आईपी मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, विकास मार्ग, जेएलएन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग, सलीमगढ़ बाईपास और पावर हाउस रोड पर
वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले रहें सावधान
ट्रैफिक प्रतिबंधों को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले रास्तों की जानकारी लेने और यात्रा के लिए पर्याप्त समय रखने की सलाह दी है। खासकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को सामान्य से पहले निकलना चाहिए। ऐसा करने से रास्ते में जाम या डायवर्जन के कारण ट्रेन और फ्लाइट छूटने का खतरा कम रहेगा।