दिल्ली में ट्रैफिक जाम अब सिर्फ परेशानी नहीं बल्कि रोजमर्रा की मजबूरी बन चुका है। सुबह ऑफिस जाना हो या शाम को घर लौटना, हर सड़क पर गाड़ियों की लंबी लाइन आम नजारा है। इसी समस्या को देखते हुए रेखा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने एक साथ तीन अहम सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसके साथ ही पांच किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना को भी हरी झंडी मिल गई है। सरकार का दावा है कि इससे लाखों लोगों को सीधी राहत मिलेगी।
जनकपुरी पंखा रोड पर बनेगा नया फ्लाईओवर
इस मास्टर प्लान की शुरुआत जनकपुरी पंखा रोड से हो रही है। यह इलाका लंबे समय से ट्रैफिक जाम के लिए जाना जाता है। यहां रोज हजारों वाहन फंसते हैं और लोगों का कीमती समय बर्बाद होता है। सरकार यहां नया फ्लाईओवर बनाने जा रही है। पहले इसके लिए व्यवहार्यता अध्ययन होगा और फिर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उद्देश्य साफ है कि ट्रैफिक को ऊपर ले जाकर नीचे की सड़क को स्थानीय आवाजाही के लिए आसान बनाया जाए।
जखीरा और सीलमपुर फ्लाईओवर की मरम्मत
दूसरी बड़ी राहत जखीरा और सीलमपुर फ्लाईओवर को लेकर है। जखीरा फ्लाईओवर मानसून के दौरान जलभराव की वजह से अक्सर जाम का केंद्र बन जाता है। सरकार ने यहां मरम्मत और मजबूती के लिए बड़ा बजट मंजूर किया है। पुराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को बदला जाएगा और संरचना को मजबूत किया जाएगा। वहीं सीलमपुर फ्लाईओवर की मरम्मत से पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।
एमबी रोड प्रोजेक्ट बनेगा गेम चेंजर
दक्षिणी दिल्ली का एमबी रोड प्रोजेक्ट इस पूरी योजना का सबसे बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। यह वही सड़क है जहां सुबह और शाम गाड़ियां रेंगती नजर आती हैं। यहां करीब पांच किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा। यह काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में साकेत जी ब्लॉक से संगम विहार तक डबलडेकर कॉरिडोर बनेगा, जहां ऊपर मेट्रो और नीचे फ्लाईओवर होगा।
इसे भी पढ़ें : World Cup खेलेगा या नहीं Bangladesh, कप्तान Litton Das के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस ?
दूसरे चरण में पूरा होगा एलिवेटेड कॉरिडोर
दूसरे चरण में मां आनंदमाई मार्ग से पुल प्रह्लादपुर तक एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। इस हिस्से में मेट्रो पहले से भूमिगत है, इसलिए ऊपर बने पिलरों का इस्तेमाल कर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके साथ ही दो अंडरपास भी बनाए जाएंगे। इससे साकेत जी ब्लॉक, आंबेडकर नगर, खानपुर और संगम विहार जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार तेज होगी।
कितनी बदलेगी दिल्ली की तस्वीर
रेखा सरकार का कहना है कि यह सिर्फ सड़क निर्माण नहीं बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया ढांचा है। जाम कम होगा, लोगों का समय बचेगा और ऑफिस, स्कूल, कॉलेज व अस्पताल पहुंचना आसान होगा। दक्षिणी दिल्ली समेत कई इलाकों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ये योजनाएं कितनी जल्दी जमीन पर उतरती हैं और क्या वाकई दिल्ली वालों को जाम से स्थायी राहत मिल पाती है।