CJP Tricolour March : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। पार्टी ने समर्थकों और आम लोगों से शाम 5 बजे जुटने की अपील की है। मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी बीच पुलिस के अभिजीत दिपके के घर पहुंचने की खबर सामने आई है।
व्यापारियों ने जताई कारोबार प्रभावित होने की चिंता
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर चिंता जाहिर की है। एसोसिएशन का कहना है कि कनॉट प्लेस राजधानी का प्रमुख कारोबारी इलाका है, जहां प्रदर्शन से व्यापार और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। व्यापारियों ने प्रदर्शनकारियों से निर्धारित विरोध स्थलों पर जाने की अपील की है। उनका कहना है कि त्योहारों के मौसम में बाजार में बाधा आने से कारोबार और सरकारी राजस्व को नुकसान हो सकता है।
SIR को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध
CJP की ओर से घोषित तिरंगा यात्रा का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना है। पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रही है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से मार्च से दूर रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। वहीं, NDMC ने प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की जानकारी दी है।
ये भी पढ़ें : Rahul Gandhi पर गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का देने का आरोप, Supreme Court 26 या 27 अक्टूबर को करेगा सुनवाई
200 फुट लंबा तिरंगा लेकर निकले AAP कार्यकर्ता
इस बीच आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता 200 फुट लंबा तिरंगा लेकर निकले। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि भारतीयों को अपने देश में तिरंगा फहराने से क्यों रोका जाना चाहिए। उन्होंने इसे आजादी की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि तिरंगा देश की पहचान है। वहीं, कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को चुनाव के जरिए सरकार बदलने का अधिकार है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन सामान्य प्रक्रिया है।
https://twitter.com/ANI/status/2110996605201711377
हाई अलर्ट के बीच संवेदनशील इलाकों पर नजर
‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के ऐलान के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कनॉट प्लेस और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। प्रशासन की ओर से भीड़, यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। प्रस्तावित मार्च को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। हालांकि, यात्रा को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।