Delhi University Admission 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से दूसरे चरण के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पोर्टल आज यानि 8 जुलाई से ओपन हो गया है। अब 2nd चरण के लिए छात्र रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सीयूईटी यूजी 2025 में पास होने वाले छात्र डीयू के एडमिशन पोर्टल admission.uod.ac.in पर जाकर अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुन सकते हैं। डीयू में दाखिले का पहला चरण यानी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया फिलहाल चल रही है, जिन स्टूडेंट्स ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, वे 14 जुलाई तक फॉर्म भर सकते हैं।
इतने सीटों पर होगा दाखिला
बता दें कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत 69 कॉलेजों में 79 अंडरग्रेजुएट (यूजी) कोर्सेज की 71, 624 सीटों पर दाखिले होंगे। दिल्ली यूनिवर्सिटी में ऑटो-एक्सेप्ट फीचर जैसी नई सुविधाओं के साथ एडमिशन प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। दूसरे चरण में छात्रों को अपनी प्राथमिकताएं (प्रोग्राम और कॉलेज) सावधानी से चुननी होंगी। क्योंकि एक बार सबमिट करने के बाद फॉर्म दोबारा नहीं खुलेगा।
क्या है ऑटो-एक्सेप्ट सिस्टम
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने इस साल एक नई सुविधा ऑटो-एक्सेप्ट सिस्टम शुरू किया है। अगर किसी स्टूडेंट ने निर्धारित समय-सीमा में सीट को मैनुअली एक्सेप्ट नहीं किया तो सिस्टम ऑटोमैटिकली सीट अलॉट कर देगा। इससे कोई भी स्टूडेंट तकनीकी समस्याओं के कारण सीट गंवाने से बच जाएगा। इस साल DU में 69 कॉलेजों में 69 प्रोग्राम्स के तहत कुल 71,624 सीटें उपलब्ध हैं।
6-11 जुलाई तक करेक्शन विंडो
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने इस बार करेक्शन विंडो भी शुरू किया है, जो छात्र पहले से रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, वे 6 से 11 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपना फॉर्म खोलकर सुधार कर सकते हैं। पंजीकरण फॉर्म को एडिट करने के लिए आवेदकों को सुधार विंडो पर एक बार की सुविधा मिलेगी। दिल्ली विश्वविद्यालय ने 1 अगस्त 2025 से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है।