दिल्ली एनसीआर में सोमवार को मौसम अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 2 बजे के बाद तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में बारिश भी हो सकती है। हवा की रफ्तार 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
किन इलाकों में ज्यादा असर दिखेगा
दिल्ली के बवाना, मुंडका, नजफगढ़, द्वारका के साथ गुरुग्राम, मानेसर और बहादुरगढ़ जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इन जगहों पर तेज हवा और गरज के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में नहीं आएगी तेजी
मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा। सामान्य दिनों के मुकाबले यह तापमान अभी भी कम है, जिससे मार्च के अंत में भी गर्मी पूरी तरह असर नहीं दिखा पा रही है।
ये भी पढ़ें : माता-पिता की अनदेखी पड़ी भारी तो सैलरी कटेगी, नए कानून से कर्मचारियों पर सख्त शिकंजा
पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी
उत्तर भारत में मौसम के बदले मिजाज की सबसे बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ है। यह सिस्टम बार-बार सक्रिय हो रहा है, जिससे बादल छाए रहते हैं और तापमान बढ़ने नहीं देता। इसी कारण लोगों को लगातार ठंडा मौसम महसूस हो रहा है।
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानों में
जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में अभी भी बर्फबारी हो रही है। वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानों तक पहुंच रही हैं, जिससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी का असर कम हो गया है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही उतार चढ़ाव बना रह सकता है। कभी बादल, कभी हवा और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच अपनी सेहत का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है।