Delhi Latest Weather : दिल्ली-NCR में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. 12 सितंबर से राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जो 16 सितंबर तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
ब्रिक्स सम्मेलन के बीच बदला मौसम
दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है. ऐसे समय में बारिश और बादलों की मौजूदगी से राजधानी का मौसम सुहावना हो सकता है, लेकिन बारिश के कारण ट्रैफिक और आवाजाही पर असर पड़ने की आशंका भी बनी रहेगी. दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं.
यूपी-बिहार में भी बारिश का सिलसिला
मॉनसून की सक्रियता का असर उत्तर प्रदेश और बिहार में भी देखने को मिल रहा है. दोनों राज्यों के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इससे उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियां भी सामने आ सकती हैं.
MP, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अलर्ट
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है.
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम बदलता रहेगा. लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और तेज बारिश या आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.