Delhi Women Protest Viral Video : दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और उनके खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर हुए प्रदर्शनों के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने अपनी बात रखने के लिए कई अलग और रचनात्मक नारों का सहारा लिया। इनमें कुछ नारे गंभीर मुद्दों को सामने रखते हैं, तो कुछ अपनी तुकबंदी की वजह से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
कचौड़ी-समोसे वाला नारा हुआ वायरल
इनमें सबसे ज्यादा चर्चा एक ऐसे नारे की हो रही है, जिसमें कचौड़ी और समोसे का जिक्र है। वीडियो में कुछ छात्राएं नारा लगाती सुनाई देती हैं, जिसके बोल हैं, "एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा।" खाने की चीजों को जोड़कर बनाए गए इस नारे की तुकबंदी ने इसे सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में ला दिया।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई नारेबाजी
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी इसी अंदाज में नए-नए नारे लिखने शुरू कर दिए। किसी ने खाने की चीजों को जोड़कर तुक बनाई, तो किसी ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा संदेश दिया। इस तरह वीडियो के आसपास एक तरह की नारेबाजी की होड़ देखने को मिली।
दूसरे नारों ने भी खींचा ध्यान
प्रदर्शन से जुड़े दूसरे वीडियो में भी कई अलग तरह के नारे सुनाई दिए। इनमें "एक सुट्टा, दो चाय, मर्द जात हाय-हाय" और "नहीं किसी के बाप की, नारी अपने आप की" जैसे नारे शामिल हैं। कुछ नारों में महिलाओं की आजादी और सम्मान की बात भी सामने रखी गई।
इसे भी पढ़ें : नमो भारत यात्रियों के लिए नया ट्रिप पास, रोज टिकट लेने की परेशानी होगी कम
लड़कों ने भी दिया अपना जवाब
सोशल मीडिया पर इस नारेबाजी का जवाब देने वाले कमेंट भी देखने को मिले। एक यूजर ने लिखा, "एक इडली, दो डोसा, हर मर्द नहीं एक जैसा।" इसके साथ ही कई लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े संदेश भी साझा किए। इस पूरे मामले ने दिखाया कि आज के प्रदर्शनों में युवा अपनी बात को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए रचनात्मक और सोशल मीडिया से जुड़े तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।