New Delhi: लाल किले के पास हुए कार बम धमाके के बाद राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों की चेतावनी और बढ़ गई है। दिल्ली की तीस हज़ारी और साकेत कोर्ट, साथ ही प्रशांत विहार स्थित सीआरपीएफ स्कूल और एक अन्य स्कूल को जैश-ए-मोहम्मद के नाम से बम धमाके की धमकी भरा ईमेल मिला। इस धमकी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बम और डॉग स्क्वॉड की टीम के साथ तुरंत मौके पर जाकर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
सुबह मिले धमकी भरे ईमेल, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आज सुबह धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। धमकी मिलते ही सभी जिला अदालतों, स्कूलों, ऐतिहासिक स्थलों, संसद भवन, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई। तलाशी अभियान में कोर्ट और स्कूल दोनों के चप्पे-चप्पे की जाँच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि जिस स्कूल को ईमेल धमकी मिली थी, उसके पास आज सुबह बम धमाका भी हुआ।
पुलिस और सीआरपीएफ ने जाँच का दायरा बढ़ाया
लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार बम विस्फोट के बाद दिल्ली हाई अलर्ट पर है। पुलिस और सीआरपीएफ ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और हर आने-जाने वाले की जांच शुरू कर दी है। गश्त, तलाशी और इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है। पिछले धमकी भरे मामलों की भी पुनः जांच की जा रही है। तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर धमकी भरे ईमेल भेजने वाले स्थान और सर्वर की पहचान की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी वास्तविक थी या मजाक।
लाल किला धमाका: 15 की मौत, 25 घायल
10 नवंबर को लाल किले के पास हुए इस कार बम धमाके में लगभग 10 वाहन आग की चपेट में आ गए थे। इस हमले में 15 लोग मारे गए और 25 से अधिक घायल हुए। केंद्र सरकार ने इसे आतंकवादी हमला घोषित किया है, जिसकी जांच एनआईए कर रही है। यह हमला कथित तौर पर फरीदाबाद में गिरफ्तार एक सफेदपोश आतंकवादी मॉड्यूल द्वारा किया गया था, जिसमें जम्मू-कश्मीर के कई डॉक्टर शामिल थे। आत्मघाती हमलावर उमर नबी भी इसमें मारा गया।