लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के रहमतगंज इलाके में 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय शराब पीकर घर पहुंचा, इस पर मां ने उसकी जमकर फटकार लगाई। इससे नाराज होकर उसने पहले जहरीला पदार्थ खा लिया और फिर छत से छलांग लगा दी। परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान हिमांशु शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु शराब पी कर घर आया था। इस पर उसकी मां रश्मि पाल ने उसे डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर हिमांशु शराब के नशे में घर से निकल जाने की बात करने लगा। मां ने दरवाजा बंद कर दिया। जिसके बाद वह छत पर गया और वहां से कूदकर बाहर निकल गया।
घर से निकलने के कुछ समय बाद हिमांशु ने अपने दोस्तों को फोन किया। दोस्तों को बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनते ही दोस्त घबरा गए और उसे ढूंढते हुए फैजुल्लागंज पहुंचे, जहां वह बेहोश मिला। परिजनों की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हिमांशु पेशे से डिलीवरी बॉय था।