बुलंदशहर। अनूपशहर क्षेत्र के डूंगराजोगी गांव निवासी एक डिलीवरी ब्वॉय का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय रविंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह एक निजी पिज्जा आउटलेट ‘पिज्जा डे’ में डिलीवरी ब्वॉय के तौर पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों और राहगीरों ने गांव के निकट सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह चौहान, थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार दुबे तथा चौकी इंचार्ज अनिल बाबू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर यह मामला सड़क हादसे का लग रहा है। आशंका है कि देर रात अथवा तड़के किसी अज्ञात वाहन ने रविंद्र शर्मा को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि रविंद्र शर्मा की पत्नी और दोनों बच्चे इन दिनों बिहार के बेगूसराय स्थित अपने ननिहाल गए हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अनूपशहर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।