Security Of Premanand Maharaj: संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लगातार दूसरे दिन पत्र भेजा गया है। इसमें उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दिए जाने की मांग की गई है। इससे एक दिन पहले श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। लगातार सामने आ रही इन मांगों के बाद वृंदावन में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
संतों ने सीएम योगी से की सुरक्षा बढ़ाने की अपील
वृंदावन के कुछ संतों की ओर से भेजे गए पत्र में प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। पत्र में दावा किया गया है कि आश्रम से जुड़े विवादों और कथित वर्चस्व की लड़ाई के चलते कुछ लोग महाराज की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। इसी आधार पर संतों ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पहले से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
रसिक दुलारी की मौत के बाद उठे सवाल
प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की मौत के बाद आश्रम से जुड़े कई सवाल सामने आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब तक कई लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। आश्रम की ओर से भी कहा गया है कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि के किसी तरह की जानकारी या अफवाह न फैलाएं।
यह भी देखेंःअखिलेश यादव को झटका दे सकते हैं स्वामी प्रसाद मौर्य? राहुल-प्रियंका से मुलाकात के बाद सियासी हलचल
प्रेमानंद महाराज ने बदला आश्रम
बताया जा रहा है कि मामले के बाद प्रेमानंद महाराज केलीकुंज आश्रम से बेलवन स्थित आश्रम चले गए हैं। सुरक्षा की मांग को लेकर लिखे गए पत्रों में आश्रम और जमीन से जुड़े विवादों का भी उल्लेख किया गया है। कुछ लोगों की ओर से आश्रम में गुटबाजी और जमीन पर कब्जे से जुड़े आरोप लगाए गए हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा को लेकर बढ़ी मांग
रसिक दुलारी की मौत के मामले में पुलिस अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। आश्रम से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। इसी बीच प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री को पत्र भेजे जाने से मामला और चर्चा में आ गया है। फिलहाल जेड प्लस सुरक्षा देने को लेकर सरकार की ओर से कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।