
झारखंड के देवघर में भीषण सड़क हादसा सामने आया है। इस हादसे में कई कांवड़ियों को गंभीर चोटें आई हैं। सड़क हादसे में 5 कांवड़ियों की मौत हो गई। वहीं 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पुलिस अफसर ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुई. यहां पर कांवड़ियों से भरी एक बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक वाहन के बीच भिड़ंत हो गई। मरने वालों की पहचान हो चुकी है. ये हैं सुभाष तुरी (40) चालक, मोहनपुर देवघर, शिवकुमार उर्फ पीयूष (15) वैशाली, दुर्गावती देवी (45) भानगरमहाराजी, बेतिया बिहार, जानकी देवी भानगरमहाराजी, बेतिया बिहार, समदा देवी तरंगना, पटना से हैं।
श्रद्धालुओं की जान चली गई
इस हादसे को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे दुख व्यक्त किया है. उन्होंने ने ट्वीट किया, "मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में कई श्रद्धालुओं की जान चली गई..." पुलिस महानिरीक्षक (दुमका क्षेत्र) शैलेंद्र कुमार सिन्हा कहना है कि, "देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास ये हादसा हुआ है। कांवड़ियों से भरी 32 सीटों वाली एक बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक के बीच यह टक्कर हुई है.
मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है
इस दौरान पांच लोगों की मौत हो गई. वहीं कई घायल हो गए। एक अफसर ने बताया कि हताहतों की संख्या बढ़ोतरी हो सकती है. इसकी वजह है कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को सूचित किया गया है कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उचित इलाज के लिए ले जाया गया है। इस दौरान यातायात पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद का कहना है कि दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है. घायलों को अस्पतालों में भेजा गया है।