थाना पल्लवपुरम क्षेत्र अंसल टाउनशिप स्थित लॉटस टावर में गुरुवार को एक 38 वर्षीय महिला ने अवसाद में आकर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतका सुनीता (38) अपने पति वैभव के साथ लॉटस टावर में रहती थीं। वैभव एक बैंक में कर्मचारी हैं। दोनों की यह दूसरी शादी थी और दंपती पिछले कुछ समय से आईवीएफ प्रक्रिया के माध्यम से संतान प्राप्ति का प्रयास कर रहा था।
मानसिक दबाव के चलते सुनीता बीते कुछ दिनों से अवसाद में थीं
बताया गया कि लगातार असफल हो रहे उपचार और मानसिक दबाव के चलते सुनीता बीते कुछ दिनों से अवसाद में थीं। बुधवार देर रात उन्होंने घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर पति उन्हें अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
किसी तरह का विवाद होने की जानकारी नहीं मिली
हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच किसी तरह का विवाद होने की जानकारी नहीं मिली। प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।