
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को जिला गौतम बुद्ध नगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नोएडा में श्री कृष्णा मां जलपा भवानी गौशाला, उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी शाहदरा, और ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) का स्थलीय निरीक्षण किया।
गौशाला निरीक्षण: गोवंश के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने नोएडा के सेक्टर-14 स्थित गौशाला में गोवंश के लिए हरे चारे, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सीय सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश को नियमित रूप से ताजा चारा, स्वच्छ पानी और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, गोबर का वैज्ञानिक उपयोग कर कम्पोस्ट खाद तैयार करने और गौशाला को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने पर बल दिया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय: बच्चों से लिया फीडबैक
उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी शाहदरा में उपमुख्यमंत्री ने कक्षाओं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल क्लास, स्वच्छता, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से मिड-डे मील, ड्रेस, किताबों और शिक्षण व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया, जो संतोषजनक रहा। उपमुख्यमंत्री ने कहा, "बच्चों को अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार का संकल्प है। प्रत्येक बच्चे को समान अवसर और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।"
जिम्स अस्पताल: सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा में उपमुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सीसीयू ब्लॉक का निरीक्षण किया और नवीन सीटी स्कैन मशीन व डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। मरीजों को समय पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और किसी भी लापरवाही पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इस दौरे में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक धीरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार के अलावा भाजपा नोएडा के अध्यक्ष महेश चौहान और गौतमबुद्धनगर भाजपा के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।