UP में फिर एक बार सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी CM बृजेश पाठक के बीच सियासी जंग छिड़ गई है, दोनों नेता एक दूसरे पर जुबानी हमला बोल रहे हैं, जिसकी शुरुआत समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल द्वारा डिप्टी CM बृजेश पाठक पर DNA कमेंट के बाद हुई है, जिस पर बृजेश पाठक ने भी निशाना साधा और समाजवादी पार्टी को मर्यादा में रहने की हिदायत दी. लेकिन इसके बाद अखिलेश ने तो ऐसा लंबा चौड़ा पोस्ट किया जिसने सबको हैरान कर दिया.
डीएनए का तड़का
अखिलेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि हमने उप्र के उप मुख्यमंत्री जी की टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए, पार्टी स्तर पर उन लोगों को समझाने की बात कही है जो समाजवादियों के डीएनए पर दी गयी आपकी ‘अति अशोभनीय टिप्पणी’ से आहत होकर अपना आपा खो बैठे। आइंदा ऐसा न हो, हमने उनसे तो ये आश्वासन ले लिया है लेकिन आपसे भी यही आशा है कि आप जिस तरह की बयानबाज़ी निंरतर करते आये हैं उस पर भी विराम लगेगा। आप जिस स्तर के बयान देते हैं वो भले आपको अपने व्यक्तिगत स्तर पर उचित लगते हों लेकिन आपके पद की मर्यादा और शालीनता के पैमाने पर किसी भी तरह उचित नहीं ठहाराये जा सकते हैं
डिप्टी सीएम ने किया पलटवार
हालांकि अखिलेश यही नहीं रुके इसके आगे भी उन्होंने लिखा, जिस पर डिप्टी CM बृजेश पाठक ने भी पलटवार किया, उन्होंने कहा कि “अखिलेश यादव जी, आप डीएनए के सवाल पर बहुत भड़के हुए हैं. मैने ये कह क्या दिया कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में ख़राबी है, आप आपे से उसी तरह बाहर हो गए जैसे दस साल पहले यूपी की सत्ता से बाहर हो गए थे. आप इस बात को समझिए कि डीएनए में खराबी से हमारा मतलब किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि आपकी पार्टी की राजनीतिक सोच से है. डीएनए में खराबी का मतलब ये है कि आपकी पार्टी की राजनीति की बुनियाद ही जातिवाद और तुष्टीकरण पर टिकी रही है और आज भी टिकी हुई है. समाजवादी पार्टी ने कभी सबका साथ-सबका विकास की बात की ही नहीं. आपकी प्राथमिकता ही हमेशा वोटबैंक की राजनीति रही है, नीतियों और आदर्शों से आपका दूर दूर तक का लेना देना नहीं रहा है.
इतना ही नहीं बृजेश पाठक ने शायरी भी लिखकर तंज कसा उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा की
*''उम्र भर ग़ालिब यही भूल करता रहा*
*धूल चेहरे पे थी आइना साफ़ करता रहा''*
वहीं अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी शायराना अंदाज में पलटवार किया है, उन्होंने लिखा है कि
*हुक्मरानों की बदज़ुबानी पर भी आज़ादी*
*और किसी की सच कहने पर गिरफ़्तारी*
ये ऐसे जुबानी तीर है जो रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं, ऐसा बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. लेकिन ये जुबानी हमला कब शांत होता है ये देखने वाली बात होगी.