ओडिशा के राउरकेला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर 27 वर्षीय युवती पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस हमले में युवती 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गई। घटना के बाद परिजनों की मुश्किलें और बढ़ गईं, जब बेहतर इलाज की तलाश में उन्हें करीब 200 किलोमीटर तक सफर करना पड़ा, लेकिन अस्पताल में समय पर बेड उपलब्ध नहीं हो सका। फिलहाल युवती का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सोते समय घर में घुसकर किया हमला
यह घटना राउरकेला के बिसरा थाना क्षेत्र के संतोषपुर इलाके की है। पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के युवती अपने कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी रजत किरो घर में घुसा और उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। अचानक हुए हमले से युवती को संभलने का मौका नहीं मिला और वह आग की चपेट में आ गई।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग
युवती की चीखें सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद आग बुझाई गई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे तत्काल राउरकेला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बुर्ला स्थित विमसार अस्पताल रेफर कर दिया।
बेड नहीं मिलने से बढ़ी परिजनों की परेशानी
परिजन घायल युवती को लेकर लगभग 200 किलोमीटर दूर बुर्ला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण भर्ती नहीं किया जा सका। मजबूरी में उन्हें वापस राउरकेला लौटना पड़ा। इसके बाद युवती को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए राउरकेला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश के तहत अंजाम दिया गया हमला था। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।