Gwyneth Paltrow: बेसन का चीला भारत के घरों में बनने वाला बेहद आम नाश्ता है, लेकिन अब यही देसी डिश हॉलीवुड की रसोई में भी नजर आई है। अभिनेत्री ग्वेनेथ पाल्ट्रो ने अपने सोशल मीडिया पर चीला बनाते हुए वीडियो शेयर किया। उन्होंने इसे अपने अंदाज में तैयार किया और इसे सैवरी इंडियन चिल्ला पैनकेक्स बताया।
बेसन में मिलाईं ये चीजें
ग्वेनेथ ने चीले का घोल बनाने के लिए बेसन के साथ प्याज, टमाटर, अदरक और मसालों का इस्तेमाल किया। इसके बाद उन्होंने घोल को पैन पर डालकर छोटे-छोटे चीले तैयार किए। यानी चीला बनाने का बेसिक तरीका काफी हद तक वैसा ही रहा, जैसा भारत के कई घरों में बनाया जाता है। पुदीने की चटनी और अंडे का साथ
ग्वेनेथ ने चीले को अकेले नहीं खाया। उन्होंने इसके साथ अंडे तैयार किए और उन पर हरी पुदीने की चटनी डाली। इसके अलावा प्लेट में पिछली रात का बचा हुआ शॉर्ट रिब्स मीट भी रखा। यही कॉम्बिनेशन उनके नाश्ते को आम चीले से थोड़ा अलग बना देता है।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा
वीडियो सामने आते ही भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान इस पर गया। कई लोगों के लिए बेसन का चीला कोई नई या खास चीज नहीं, बल्कि रोजमर्रा का नाश्ता है। वहीं, ग्वेनेथ के फॉलोअर्स के लिए यह भारतीय खाने का एक नया अंदाज था। अभिनेत्री मिंडी कलिंग ने भी इस डिश को आजमाने की इच्छा जताई।
देसी चीले को मिला हॉलीवुड ट्विस्ट
ग्वेनेथ का यह वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि भारतीय खाने को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में किस तरह लोग अपने तरीके से आजमा रहे हैं। इस बार बेसन चीला उनके नाश्ते का हिस्सा बना, लेकिन अंडे, पुदीने की चटनी और शॉर्ट रिब्स के साथ इसका अंदाज काफी अलग नजर आया। इसी वजह से यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा में है।