मध्य प्रदेश के देवास में नवरात्र की खुशियों के बीच खौफनाक वारदात सामने आई है। गरबा खेलने घर से निकली एक युवती दो दिन बाद मृत पाई गई। उसका शव एक किराए के मकान में ड्रम से बरामद हुआ, जहां वह हाथ-पैर बंधी हालत में मिली। बदबू आने पर मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
दो दिन से थी लापता, कमरे से आई बदबू
देवास की वैशाली एवेन्यू कॉलोनी में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराए के मकान से तेज बदबू आने लगी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़ा तो अंदर ड्रम में युवती का शव मिला। शव की पहचान लक्षिता चौधरी के रूप में हुई, जो दो दिन पहले गरबा खेलने घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी।
हाथ-पैर बंधे मिले शव के निशान
शव बुरी तरह से सड़ चुका था और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस को शक है कि युवती की हत्या कर शव ड्रम में डुबो दिया गया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आरोपी युवक हिरासत में
पुलिस ने जिस कमरे से शव बरामद किया, वह मनोज चौहान नामक युवक किराए पर लेकर रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती और आरोपी की चार साल से पहचान थी। युवक निजी कंपनी में काम करता था और काफी समय से उसी मकान में रह रहा था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के असली कारण और तरीका स्पष्ट होगा। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि युवती को हाथ-पैर बांधकर ड्रम में पानी में डुबोकर मारा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।