बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने सोमवार को 89 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. धर्मेंद्र ने तकरीबन 300 फिल्मों में अभिनय करते हुए फैंस के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई. वहीं उनके निधन के बाद ना केवल सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है, बल्कि बिजनेस सेक्टर के दिग्गज भी दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर गौतम अडानी से लेकर अनिल अग्रवाल और नवीन जिंदल तक ने भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है.
अगले महीने 8 दिसंबर को था जन्मदिन
बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग के बलबूते अलग पहचान बनाने वाले धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हो गया. वहीं अभिनेता कुछ समय से बीमार चल रहे थे और इसी महीने की शुरुआत में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि स्वास्थ्य में सुधार दिखाई देने पर उन्हें बीते 12 नवंबर को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया था लेकिन अचानक सोमवार को उनके निधन की दुखद खबर सामने आई. जिसके बाद बॉलीवुड के ही-मैन के रूप में याद किए जाने वाले धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर कर दिया गया. उनका जन्म 8 दिसंबर 1935 को हुआ था और अगले महीने उनका जन्मदिन था, इससे पहले ही अभिनेता ने दुनिया को 'अलविदा' कह दिया.
ये भी पढ़ें : Ram Temple शिखर पर ध्वजारोहण के ऐतिहासिक क्षण में PM Modi भावुक, जो कहा उसने सनातनियों का दिल जीत लिया, आप भी पढ़ें
स्क्रीन पर उनकी चमक हमेशा बरकरार रहेगी- अडानी
चाहें फिल्म जगत हो या राजनीति जगत हर कोई धर्मेंद्र के निधन पर शोक जता रहा है. इसके साथ ही बिजनेस सेक्टर भी दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब एक्स) पर अरबपति गौतम अडानी ने एक भावुक पोस्ट करते हुए उन्हें याद किया और अपनी श्रद्धांजलि दी.
गौतम अडानी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 'आज भारतीय सिनेमा की रोशनी मंद पड़ रही है और मेरे बचपन का एक हिस्सा भी. हम धर्मेंद्र जी को इस दुनिया में मिस करेंगे, लेकिन स्क्रीन पर उनकी चमक हमेशा बरकरार रहेगी.' अडानी ग्रुप के चेयरमैन ने आगे लिखा कि 'जब भी दोस्ती के फसाने कहे जाएंगे, ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे... जरूर याद आएगा. धरम पाजी, आपको विनम्र श्रद्धांजलि.'
'भारत ने अपना असली ही-मैन खो दिया'
वहीं उद्योगपति नवीन जिंदल ने भी धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्ट की. इसमें उन्होंने लिखा कि 'भारत ने आज अपना असली ही-मैन खो दिया है. कई पीढ़ियां उन्हें यह बताते हुए बड़ी हुई कि एक सच्चा जेंटलमैन कैसा दिखता है. धर्मेंद्र जी की विरासत हमेशा उनके निभाए गए हीरो की तरह ही रहेगी, जो हिम्मत, दया और ईमानदारी से भरे हुए थे. उनके परिवार और लाखों फैंस के प्रति दिल से संवेदना, लीजेंड्स याद नहीं रहते, उन्हें महसूस किया जाता है.'
वेदांता ग्रुप के चेयरमैन ने बताया सच्चा हीरो
इसके साथ ही वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अरबपति अनिल अग्रवाल ने भी दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए एक लंबा-चौड़ा पोस्ट किया और उन्हें सच्चा हीरो बताते हुए श्रद्धांजलि दी. उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा कि 'धर्मेंद्र हमारे समय के Real Hero थे. एक छोटे से गांव से निकलकर मुंबई की चमकती दुनिया तक पहुंचने का उनका सफर हर उस इंसान की कहानी है, जो सपने देखने और उन्हें पूरा करने पर भरोसा रखता है.'