दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की हालत में अब सुधार हो गया है. ये जानकारी सनी देओल की टीम ने दिया है. जहां एक ओर मंगलवार सुबह तमाम मीडिया हाउस ने उनके निधन की खबरें चला दी थीं, जिसको लेकर फैंस और उनके करीबियों का उनके आवास पर तांता लगा रहा. वहीं धर्मेंद्र की खराब तबीयत के चलते कई फिल्मों के प्रमोशन को फिलहाल के लिए रोक दिया गया है.
देओल परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद
अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत का हाल जानने के लिए देओल परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल पहुंचे. करण देओल भी परिवार के साथ दादा धर्मेंद्र का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे. इसके अलावा धर्मेंद्र के भतीजे अभय देओल भी अस्पताल पहुंचे. जहां अभिनेता सोमवार दोपहर से भर्ती हैं. इससे पहले अभय धर्मेंद्र के जुहू वाले घर पहुंचे थे.
निखिल द्विवेदी और अकबर खान पहुंचे आवास
धर्मेंद्र की खराब तबीयत की जानकारी मिलने पर बॉबी देओल के करीबी दोस्त और अभिनेता निखिल द्विवेदी उनके घर पहुंचे. इसके साथ ही निर्माता-निर्देशक अकबर खान धर्मेंद्र के परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे. जहां पर उन्होंने धर्मेंद्र की तबीयत के बारे में परिजनों से बातचीत की.
धर्मेंद्र के घर के बाहर जुटी फैंस की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुंबई जुहू में स्थित अभिनेता धर्मेंद्र के बंगले के बाहर इस समय सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गया हैं. वहां पर लगभग 20 से 25 बाउंसर और कई पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इसके साथ ही जुहू पुलिस स्टेशन की ओर से बैरिकेड्स लगाकर सड़क का कुछ हिस्सा बंद कर दिया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके. वहीं अभिनेता धर्मेंद्र के बंगले के बाहर कई फैंस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं. सभी धर्मेंद्र की सेहत को लेकर चिंतित दिखाई दिए और लगातार सेहत को लेकर आ रहे अपडेट का इंतजार कर रहे हैं. धर्मेंद्र पिछले कई दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं. उनकी टीम के अनुसार अभिनेता की तबीयत में सुधार की उम्मीद की जा रही है. जैसे ही यह खबर फैली, उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ बढ़ गई, जिसके बाद पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी. फैंस लगातार दुआएं कर रहे हैं कि धर्मेंद्र जी जल्द स्वस्थ होकर घर लौट आएं.
एल्बम 'तेरे इश्क में' का लॉन्च इवेंट रोका
ए आर रहमान के एल्बम 'तेरे इश्क में' का लॉन्च इवेंट मंगलवार को होना था, जिसमें धनुष, कृति सैनन, आनंद एल राय और भूषण कुमार शामिल होने वाले थे. धर्मेंद्र की खराब सेहत को देखते हुए फिल्म के मेकर्स ने इस फिल्म का इवेंट फिलहाल रोक दिया है.
दिल्ली क्राइम 3 की स्क्रीनिंग कैंसिल
धर्मेंद्र की तबीयत खराब होने के चलते और दिल्ली में हुए धमाके की वजह से वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम 3' की आज की स्क्रीनिंग रद्द कर दी गई है. जिसकी जानकारी अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दी है. इस सीरीज का प्रीमियर अब 13 नवंबर को होगा.
शत्रुघ्न सिन्हा ने जताई नाराजगी
वहीं दूसरी तरफ धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरों पर उनके दोस्त और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का भी गुस्सा फूटा. एक्टर ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा है कि 'धरम जी की खुद की कोई टीम नहीं है, तो फिर कैसे और किसने उनके निधन की खबर की पुष्टि की?'
शत्रुघ्न ने कहा, 'मैंने सुबह उठकर इन खबरों को सच मान लिया था, क्योंकि ये विश्वसनीय पोर्टल और प्रकाशनों से आई थीं. मुझे यह जानकर हैरानी और राहत हुई कि ये खबरें पूरी तरह से झूठ थीं. सबके चहेते धरमजी ठीक हैं और जल्द ही घर लौट आएंगे. मरे उनके दुश्मन.'
सनी देओल की टीम ने दी सेहत में सुधार की खबर
इधर सनी देओल की टीम ने धर्मेंद्र के हेल्थ को लेकर ताजा अपडेट दिया है. सनी देओल की टीम की मानें तो अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत में अब सुधार है और वो रिकवर कर रहे हैं. सनी की टीम ने एक्टर की अच्छी सेहत के लिए लोगों से प्रार्थना की अपील की है. सनी की टीम के इस बयान के बाद धर्मेंद्र के फैंस ने राहत की सांस ली है.