राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद देशभर में एक अजीब सी चिंता का माहौल बन गया है। इस पर अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी प्रतिक्रिया दी है। विदेश दौरे पर गए शास्त्री जी ने सिडनी में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अब उन्हें भी शादी से डर लगने लगा है। उन्होंने नीले ड्रम वाले केस और बढ़ते वैवाहिक अपराधों को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि अब अरेंज और लव मैरिज दोनों ही विकल्प भरोसेमंद नहीं लगते।
विदेश में बोले शास्त्री, शादी से डर लगने लगा है
धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों 17 दिवसीय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। वहां सिडनी में आयोजित कथा कार्यक्रम में उन्होंने भारत में हो रही वैवाहिक हत्याओं का जिक्र किया। शास्त्री ने राजा हत्याकांड को लेकर कहा कि इस घटना के बाद युवाओं में शादी को लेकर खौफ फैल गया है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, "अब तो अविवाहितों को भी डर लगने लगा है कि शादी करें या नहीं।"
*नीले ड्रम वाली देवियों से डरे शास्त्री*
उन्होंने कहा, "भारत में अब एक से एक खतरनाक नीले ड्रम वाली देवियां निकल रही हैं। पहले अरेंज मैरिज सही लगती थी, फिर लव मैरिज… लेकिन अब तो दोनों ही से डर लगने लगा है।" उनके इस बयान पर पंडाल में मौजूद प्रवासी भारतीय ठहाके लगाते नजर आए।
राजा रघुवंशी हत्याकांड का असर
धीरेंद्र शास्त्री ने जिस हत्याकांड का जिक्र किया, वह इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़ा है। राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ मेघालय हनीमून पर गए थे, जहां उनकी हत्या कर दी गई। बाद में खुलासा हुआ कि यह हत्या खुद सोनम ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर की थी। यह मामला सोशल मीडिया से लेकर कथा मंच तक छाया हुआ है।
पुरुषों में बढ़ रहा डर और असुरक्षा
राजा हत्याकांड के बाद पुरुषों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल गहराया है। कई युवाओं का कहना है कि अब शादी से पहले बहुत सोच-समझकर और सावधानी से कदम उठाने की ज़रूरत है। खासतौर पर ऐसे मामलों के बाद समाज में वैवाहिक रिश्तों की पारदर्शिता और सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
ह्यूमर और हकीकत का मिला-जुला अंदाज
शास्त्री जी का यह बयान भले ही ह्यूमर में दिया गया हो, लेकिन यह समाज में रिश्तों के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता और डर को दर्शाता है। विवाह अब केवल रस्म नहीं, बल्कि एक गंभीर निर्णय बनता जा रहा है, जिसमें विश्वास की कसौटी और मजबूत मानसिकता की ज़रूरत है।