छतरपुर (मध्यप्रदेश): बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को महिला तस्कर बताने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रविकांत के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हुई जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाए थे। बागेश्वर धाम समिति ने इसे धार्मिक भावनाओं पर चोट और समाज में तनाव फैलाने वाला कृत्य बताया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला तब उठा जब लवकुशनगर पुलिस ने एक एंबुलेंस को रोका, जिसमें कुछ महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गईं। पूछताछ में सामने आया कि ये महिलाएं अपनी पहचान छुपाकर बागेश्वर धाम में रह रही थीं और अनैतिक गतिविधियों में लिप्त थीं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
प्रोफेसर की पोस्ट से मचा बवाल
प्रोफेसर रविकांत ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि “धर्म की आड़ में धीरेन्द्र शास्त्री महिला तस्करी कर रहे हैं” और उन्हें ‘नॉन बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री’ नरेंद्र मोदी का छोटा भाई बताया। इस पोस्ट के बाद बागेश्वर धाम समर्थकों में आक्रोश फैल गया।
धार्मिक भावनाएं आहत, FIR दर्ज
बागेश्वर धाम समिति के सदस्य धीरेंद्र गौर की शिकायत पर बमीठा थाने में प्रोफेसर के खिलाफ BNS की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस बयान से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और धार्मिक सौहार्द बिगड़ा है।