ब्लॉकबस्टर हिट फिल्म धुरंधर के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने हालहीं में एक बड़ा खुलासा किया है। इस खुलासे में उन्होंने धुरंधर से जुड़ी कास्टिंग की कहानी साझा की जो बेहद ही दिलचस्प है। उन्होंने बताया कि जिस किरदार को दर्शकों ने सबसे ज्यादा पसंद किया उसे शुरुआत में कई बड़े सितारों ने रिजेक्ट कर दिया था। आइए आपको बताते हैं कि जिस रोल को कई बार ठुकराया गया वही रोल कैसे फिल्म की जान बन गया।
कई बार किया रिजेक्ट
धुरंधर में अक्षय खन्ना द्वारा निभाया गया 'रहमान डकैत' का आइकॉनिक किरदार फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा। रहमान डकैत के रूप में अक्षय की शानदार एक्टिंग ने दर्शकों और समीक्षकों से खूब प्रशंसा कमाई। पर आपको यह जानकर हैरानी होगी कि जिस किरदार को दर्शकों ने इतना पसंद किया और फिल्म की जान बताया उसी रोल को कई रिजेक्शन झेलने पड़े। एक दिलचस्प बात यह भी है कि आर. माधवन इस फिल्म में सबसे पहले जुड़ने वाले कलाकारों में से थे, जबकि संजय दत्त और अर्जुन रामपाल ने फिल्म को बाद में जॉइन किया।
इसलिए किया रिजेक्ट
धुरंधर के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने बताया कि बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के बड़े अभिनेताओं ने इस रोल को केवल इसलिए रिजेक्ट कर दिया कि फिल्म का मेन फोकस पूरी तरह रणवीर सिंह पर है। कई कलाकारों को यह फिल्म एक मल्टी-स्टारर प्रोजेक्ट लगा, जहां उनके किरदार को पूरी तरह से वेल्यू मिलना मुश्किल है। उन्हें लगा कि फिल्म केवल रणवीर सिंह के आस-पास घूमती है इसलिए इस रोल में दिलचस्पी दिखाना उन्हें एक बेहतर फैसला नहीं लगा। रणवीर सिंह की फिल्म समझकर ठुकराया गया रोल जब अक्षय खन्ना ने निभाया तो वही फिल्म की जान बन गया।
इन्होंने किया रिजेक्ट
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने कहा कि- "मैं किसी का नाम नहीं ले रहा लेकिन 2-3 कलाकारों ने इस रोल को करने से साफ इन्कार कर दिया था। उन्होंने अजीबोगरीब लॉजिक देकर फिल्म से दूरी बनाई और मुझे यकीन है कि उन्हें आज उस फैसले पर पछतावा होता होगा। इस रोल के लिए एक साउथ एक्टर और दो बॉलीवुड एक्टर ने कहा कि यह फिल्म रणवीर की फिल्म है और बाकी कलाकार केवल एक टुकड़ी हैं।"
ऐसे मिला अक्षय को रोल
मुकेश ने यह भी बताया कि निर्देशक आदित्य धर ने इतने रिजेक्शन के बाद भी इस किरदार के लिए सही कलाकार चुनने की तलाश जारी रखी। लेकिन जब अक्षय से संपर्क किया तो चीजें एक दम बदल गईं। वो इस रोल की चर्चा करने के लिए तुरंत तैयार हो गए। अक्षय ने फिल्म और किरदार की पूरी स्टोरी को चार घंटे तक चुपचाप बैठकर सुना। स्क्रिप्ट खत्म होते ही अक्षय ने कहा कि "शाबाश यार, यह बहुत ही इंटरेस्टिंग है। इसे करने में तो बहुत मजा आएगा।" अगली ही सुबह उन्होंने मैसेज किया और कहा कि वे इस फिल्म की स्टोरीलाइन और दमदार किरदारों से बहुत प्रभावित हैं और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं।
निराश फैंस के लिए खुशखबरी
'धुरंधर 2 - द रिवेंज' में अक्षय खन्ना के किरदार की कम स्क्रीन उपस्थिति से दर्शकों को निराशा हुई। फिल्म का सबसे पसंदिदा और चर्चित कैरेक्टर 'रहमान डकैत' को सिर्फ फ्लैशबैक में देखने के बाद लोंगों ने उनकी परफॉर्मेंस को बेहद मिस किया। हालांकि बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही अक्षय खन्ना अपनी अगली फिल्म 'इक्का' से बडे़ पर्दे पर वापसी करेंगे।