भोपाल। मध्य प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को और तेज़, सरल और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए आज से डायल 112 सेवा की शुरुआत हो गई है। अब किसी भी आपात स्थिति में अलग-अलग नंबर याद रखने की ज़रूरत नहीं होगी। चाहे पुलिस सहायता चाहिए, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड या महिला-चाइल्ड हेल्पलाइन—सिर्फ एक नंबर 112 डायल करते ही मदद आपके दरवाजे तक पहुंचेगी। नई प्रणाली के साथ अत्याधुनिक तकनीक और तेज़ रिस्पॉन्स का वादा किया गया है।
पूरे प्रदेश में लागू होगी नई व्यवस्था
मौजूदा डायल 100 को अब डायल 112 से बदल दिया गया है। यह सेवा प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से लागू हो रही है और 15 अगस्त से पूरी तरह सक्रिय हो जाएगी। इसके तहत 1200 नई बोलेरो नियो गाड़ियां फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV) के रूप में तैनात होंगी। सभी गाड़ियां जीपीएस और वायरलेस सिस्टम से लैस होंगी, जिससे शिकायतकर्ता की लोकेशन तुरंत ट्रैक की जा सकेगी और मदद कम से कम समय में पहुंचेगी।
एक कॉल में सभी सेवाओं की सुविधा
अब 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस (100), एंबुलेंस (108), अग्निशमन (101), महिला हेल्पलाइन (1090), साइबर क्राइम (1930), रेल मदद (139), हाईवे एक्सिडेंट रिस्पॉन्स (1099), प्राकृतिक आपदा (1079) और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) जैसी सभी सेवाएं प्राप्त की जा सकेंगी।
तकनीक से होगा तेज़ रिस्पॉन्स
नई प्रणाली में 100 एजेंट वाला कॉन्टैक्ट सेंटर, उन्नत बिज़नेस इंटेलिजेंस टूल, गोपनीयता बनाए रखने के लिए नंबर मास्किंग और समग्र फ्लीट मैनेजमेंट सॉफ़्टवेयर शामिल है। हर FRV में डैशबोर्ड और बॉडी वॉर्न कैमरे होंगे, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। साथ ही नागरिकों और पुलिस के लिए मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।
mppolice112news