Holi Car Cleaning Tips: होली की मस्ती में अक्सर हमारी गाड़ियां भी रंगों से सराबोर हो जाती हैं। ज्यादा समय तक यह कार पर लगे रहें, खासकर तेज धूप में, तो ये क्लियर कोट लेयर पर दाग छोड़ सकते हैं। अगर आपकी कार सफेद है, तो यह चुनौती और भी बड़ी हो जाती है। जरा सी लापरवाही कार की चमक छीन सकती है या उस पर जिद्दी दाग छोड़ सकती है। लेकिन आज इस लेख में हम आपको बताएंगे कि अपनी सफेद कार को बिना पेंट खराब किए चमकाने के टिप्स क्या-क्या है।
सूखे रंग को फौरन झाड़ें
अगर कार पर सिर्फ गुलाल या सूखा रंग है, तो उस पर भूलकर भी पानी न डालें। पानी मिलते ही सूखा रंग कीचड़ जैसा चिपक जाता है। इसके बजाय एक माइक्रोफाइबर कपड़े या फेदर डस्टर से रंग को आराम से झाड़ दें।
तुरंत लो-प्रेशर पानी से धुलना जरूरी
अगर आपके कार पर रंग लग गया है, तो उसे तुरंत लो प्रेशर पानी से धो लेना चाहिए। जिससे सूखे रंग के कण ढीले होकर निकल जाएं। बहुत ज्यादा हाई-प्रेशर वॉशर का उपयोग करने से रंग रबर सील और गैप्स में अंदर तक जा सकता है। इसलिए नियंत्रित पानी का फ्लो ज्यादा सुरक्षित रहता है।
यह भी पढ़ें: Car Care Tips: बेफिक्र होकर खेलें होली, इन 6 जादुई टिप्स से चमचमाती रहेगी आपकी कार
शैम्पू और गुनगुना पानी
सफेद कार के लिए माइल्ड कार क्लीनिंग शैम्पू का ही प्रयोग करें। एक बाल्टी में गुनगुना पानी और शैम्पू मिलाएं। गुनगुना पानी जिद्दी रंगों को ढीला करने में मदद करता है। लेकिन इसके लिए घर के बर्तन धोने वाले साबुन या डिटर्जेंट का उपयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि ये कार के वैक्स और पेंट को रूखा बना देते हैं।
सॉफ्ट डिटेलिंग ब्रश की मदद से करें साफ
रंग अक्सर पैनल गैप्स और विंडो बीडिंग में जमा हो जाते हैं। लेकिन कई बार लोग इसे नजरअंदाजर कर देते हैं, जो कि बाद में स्थायी दाग बन जाते हैं। ऐसे में सॉफ्ट डिटेलिंग ब्रश की मदद से इन जगहों को धीरे-धीरे साफ करें, ताकि स्क्रैच न आएं और जमा रंग पूरी तरह निकल जाए।
टायर और प्लास्टिक पार्ट्स
टायरों और काले प्लास्टिक बंपर पर लगे रंगों को हटाने के लिए आप ब्रश और थोड़े हार्ड सोप का इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि इनका मटेरियल पेंट की तुलना में सख्त होता है।