Apple Foldable Phone: Apple ने हाल ही में अपना पहले फोल्डेबल फोन iPhone Duo लॉन्च किया है, जो अब तक का सबसे महंगा आईफोन है। भारत में इस फोन की शुरुआती कीमत करीब 2,99,900 रुपये है। लेकिन फोन की बिक्री शुरू होने के साथ-साथ महंगे फोन की स्क्रीन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ खरीदारों का दावा है कि फोन को कुछ ही बार खोलने और बंद करने के बाद उसकी अंदरुनी स्क्रीन पर दरारें आ गई, तो कुछ लोगों ने स्क्रीन पर चमकती हुई लाइनें दिखाई देने की शिकायत आ रही है।
23 से शुरू हुई थी बिक्री
आपको बता दें कि iPhone Duo की बिक्री 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी। बिक्री शुरू होने के बाद से ही सोशल मीडिया जैसे Reddit और X पर कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि फोन खरीदने के कुछ ही घंटों या कम बार मोड़ने पर ही स्क्रीन के बीच वाले हिस्से पर दरारों आ रही हैं या चमकती हुई लाइनें दिख रही है।
खरीदने के करीब 6 घंटे बाद स्क्रीन खराब
वहीं, एक खरीदार ने दावा किया कि फोन खरीदने के करीब 6 घंटे बाद उसकी स्क्रीन खराब हो गई। खरीदार के मुताबिक उसने फोन को 20 बार से भी कम खोला और बंद किया था। फोन खोलते समय मोड़ने वाले हिस्से के पास कुछ असामान्य महसूस हुआ और फिर चटकने जैसी आवाज आई। इसके बाद स्क्रीन पर दरार दिखाई देने लगी। रिपोर्ट के मुताबिक इस खरीदार को Apple Store पर फोन बदलकर दिया गया।
iFixit ने फोन खोलकर देखी संभावित वजह
रिपेयरिंग और गैजेट्स की जांच करने वाली मशहूर वेबसाइट iFixit ने जब इस फोन को खोलकर देखा, तो यह बात सामने आई कि इसके हिंज में धूल के कण फंस सकते हैं। धूल फंसने या हिंज के ठीक से काम करने की वजह से जब फोन को मोड़ा जाता है, तो फ्लेक्सिबल स्क्रीन पर असामान्य दबाव पड़ता है। जिससे स्क्रीन टूटने का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शुरुआती चुनिंदा मामले हैं और हर फोन में ऐसी दिक्कत आ रही है, ऐसा कहना अभी जल्दबाजी होगी।
स्क्रीन टूटने पर कितना आएगा खर्च
बता दें कि फोल्डेबल फोन की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है। फोन की अंदरूनी स्क्रीन बदलने का अनुमानित खर्च वारंटी से बाहर होने पर 1,49,900 रुपये तक हो सकता है। यानी स्क्रीन बदलने में फोन की शुरुआती कीमत का लगभग आधा खर्च हो सकता है। हालांकि यह जरूरी नहीं है कि हर खराब स्क्रीन पर ग्राहक को इतनी रकम देनी पड़े। अगर जांच में खराबी सामान्य इस्तेमाल के दौरान हुई मैन्युफैक्चरिंग समस्या पाई जाती है, तो फोन की एक साल की सीमित वारंटी के तहत मरम्मत या बदलाव का लाभ मिल सकता है।