House Collapses in Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर दो मंजिला मकान देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया।
मलबे में दबा पूरा परिवार
हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव और दो मासूम बच्चों की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर मलबा हटाया और सभी को बाहर निकाला, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
लगातार बारिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान काफी पुराना और जर्जर था। लगातार हो रही बारिश के कारण उसकी दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिससे देर रात भवन का एक हिस्सा अचानक ढह गया। बताया गया कि घर में लगे एयर कंडीशनर के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जिससे जनहानि अधिक हुई।
यह भी देखेंःदिल्ली में जलभराव और जाम, अब यूपी के 25 जिलों पर भारी बारिश का खतरा
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायल का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना के बाद प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने क्षेत्र में अन्य जर्जर भवनों का भी सर्वे कराने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
जनपद प्रतापगढ़ में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 6, 2026
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।