Diljit Dosanjh Delhi Concert 2026 : दिलजीत दोसांझ के गानों पर झूमने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास है। पंजाबी सिंगर आज यानी 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लाइव कॉन्सर्ट करने वाले हैं। लेकिन इस बार कॉन्सर्ट में सिर्फ गाने और मस्ती ही नहीं, बल्कि समय की पाबंदी भी रहने वाली है। कार्यक्रम को रात 10 बजे तक खत्म करना होगा। ऐसे में दिलजीत ने खुद फैंस से खास अपील की है। वहीं, दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। चलिए जानते हैं इस कॉन्सर्ट से जुड़ी जरूरी बातें।
https://twitter.com/dtptraffic/status/2115668038834139536
रात 10 बजे तक ही चलेगा दिलजीत का कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट इस बार सख्त समय सीमा के बीच होने जा रहा है। कार्यक्रम को रात 10 बजे तक खत्म करना जरूरी है। इसके पीछे स्टेडियम में आयोजन के लिए सीमित समय मिलना बताया गया है। दिलजीत ने भी माना कि इतने कम समय में अपने सभी गाने पेश करना आसान नहीं होगा। ऐसे में हो सकता है कि कुछ पसंदीदा गाने इस बार कार्यक्रम का हिस्सा न बन पाएं।
फैंस से दिलजीत ने की खास अपील
दिलजीत ने 29 अक्टूबर को इंस्टाग्राम लाइव के दौरान फैंस से कुछ जरूरी बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि लोग समय से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें और शाम 6:30 बजे तक अपनी जगह ले लें। इससे कार्यक्रम समय पर शुरू करने में मदद मिलेगी। सिंगर चाहते हैं कि फैंस ट्रैफिक में फंसने के बजाय समय पर पहुंचकर कॉन्सर्ट का पूरा मजा ले सकें।
गाड़ी से जाने से पहले जान लें पार्किंग की बात
अगर आप अपनी कार या बाइक से कॉन्सर्ट में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो थोड़ा रुकिए। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम के लिए पार्किंग उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई है। ऐसे में निजी गाड़ी लेकर पहुंचना परेशानी बढ़ा सकता है। फैंस को सलाह दी गई है कि वे आने-जाने की योजना पहले से बना लें और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
दिल्ली मेट्रो से सफर करना रहेगा बेहतर
कॉन्सर्ट के दिन दिल्ली मेट्रो फैंस के लिए राहत लेकर आई है। मेट्रो की सेवाएं ज्यादातर लाइनों पर रात 12 बजे तक चलेंगी। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो गुरुग्राम इसके अपवाद हैं। भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें भी तैयार रखी जाएंगी। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन कॉन्सर्ट के लिए नजदीकी विकल्प है।
इसे भी पढ़ें : अनंत सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, दुलारचंद हत्याकांड में फिर जेल जाने का खतरा
ट्रैफिक एडवाइजरी से सफर पर पड़ सकता है असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट को देखते हुए दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक पाबंदियों और रास्तों में बदलाव की चेतावनी दी है। खासकर आसपास से गुजरने वाले लोगों को पहले से अपना रास्ता तय करने की सलाह दी गई है। दिलजीत का यह कॉन्सर्ट उनके औरा इंडिया टूर 2026 की शुरुआत भी है। ऐसे में फैंस का उत्साह काफी बढ़ा हुआ है, लेकिन इस बार गानों के साथ घड़ी पर भी नजर रखनी होगी।