Narmada River Flood,Jabalpur Dindori Highway---डिंडौरी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण रविवार सुबह नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पानी बढ़ने के साथ ही नर्मदा पर बने दोनों पुल जलमग्न हो गए। जोगी टिकरिया स्थित जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे का पुल और नगर के भीतर बना करीब 25 फीट ऊंचा पुल पानी में डूब गया। दोनों पुलों पर पुलिस और प्रशासन ने आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि बारिश के इस सीजन में पहली बार दोनों पुल एक साथ पानी में डूबे हैं। पुलों के जलमग्न होने से डिंडौरी का जबलपुर की ओर सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
कच्चा मकान गिरने से सात साल के बच्चे की मौत
लगातार बारिश के बीच शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा भी हुआ। गाड़ा सरई थाना क्षेत्र की करौंदा ग्राम पंचायत के नदिया टोला में बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। हादसे में सात वर्षीय राजा पिता विश्राम की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई धनंजय साहू के अनुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों को लेकर भी खतरा बढ़ गया है।
पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद किया रास्ता
जोगी टिकरिया स्थित नर्मदा पुल पर सुबह करीब 6 बजे से स्थानीय लोग जलस्तर पर नजर बनाए हुए थे। पानी पुल के ऊपर पहुंचने के बाद पुलिस ने बैरिकेड और रस्सियां लगाकर आवागमन रोक दिया। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। नदी का पानी बढ़ने से निचले इलाकों में बैकवाटर का स्तर भी बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।
सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बने रैन बसेरा में शिफ्ट कराया गया है। नर्मदा के दूसरे तट पर हंस नगर और साकेत नगर के नदी किनारे बने कुछ घरों में भी बैकवाटर पहुंचने की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित इलाकों में लोगों को पहले ही अलर्ट किया गया था और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
कलेक्टर-एसपी ने प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी आशीष खरे अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। कलेक्टर ने बताया कि नदी किनारे पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 7 की बाढ़ प्रभावित उर्मिला बाई ने कलेक्टर से आवास की मांग भी की। उन्होंने बताया कि वे मजदूरी करती हैं और पिछले साल अतिक्रमण की कार्रवाई में उनका घर टूट गया था। फिलहाल वह किराए के मकान में रह रही हैं। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है।