राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक फ्लैट में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है. पुलिस और एफआरआरओ की संयुक्त कार्रवाई में तीन विदेशी महिलाओं और कुछ पुरुषों को हिरासत में लिया गया है, जिनके खिलाफ गंभीर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
जांच में सामने आया पूरा खेल
न्यू हजरतगंज में ओमेक्स न्यू हजरगंज के पांचवें मंजिल स्थित फ्लैट नंबर 527 में विदेशी महिलाओं के संदिग्ध रूप से रहने की सूचना एफआरआरओ ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने को दी. यह जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन और विदेशी पंजीकरण कार्यालय को दिए गए दस्तावेजों के आधार पर मिली.
उज़्बेकिस्तान की है नागरिकता
पुलिस के मुताबिक, फ्लैट में दो विदेशी महिलाएं 18 जून से रह रही थीं. जांच में सामने आया कि उन्होंने अपना नाम होलिडा और नीलोफर बताया, और उनकी नागरिकता उज़्बेकिस्तान से जुड़ी है. उन्होंने पासपोर्ट और वीजा के पेपर खो जाने का दावा किया है.
पहले से रह रही विदेशी महिला ने बुलाया भारत
जांच में आगे सामने आया कि इन महिलाओं का संपर्क लोला कायूमोवा से था, जो पहले ही भारत में रह रही थीं. लोला ने इन्हें डॉक्टर विवेक गुप्ता से मिलवाया. डॉक्टर विवेक प्लास्टिक सर्जरी करवाने का दावा करते हैं और इसके बदले महिलाओं ने उन्हें बड़ी रकम भी दी, जिसके चलते उनके किसी भी पहचान पत्र की जांच नहीं की गई.
लोला ने त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा से भी संपर्क कराया , जो ओमेक्स आर1 के फ्लैट नंबर 104 और 1103 में रहता है. इन्हीं दोनों त्रिजिन राज और डॉक्टर विवेक गुप्ता की मदद से विदेशी महिलाएं उस फ्लैट में रुकी थीं. आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और विदेशी महिलाओं को एफआरआरओ की हिरासत में भेजा गया है. पुलिस इस पूरी कनेक्शन की जांच कर रही है.
पुलिस और एफआरआरओ की संयुक्त कार्रवाई
डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने पुष्टि की है कि सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस ने बाहरी सूचना के आधार पर एफआरआरओ टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की है. मामले में सेक्स रैकेट की आशंका से जांच और तलाशी शुरू की गई है. फिलहाल सेक्स रैकेट से जुड़े ठोस सबूत सामने नहीं आए हैं, लेकिन हर एंगल से तफ्तीश जारी है.