Smartphone Restart: आज स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन चुका है। सुबह के अलार्म से लेकर ऑफिस के काम, बैंक ट्रांसफर और सोशल मीडिया तक, सब कुछ इसी एक छोटे से डिवाइस से होता है। लेकिन अक्सर लोग अपने फोन को महीनों तक न तो स्विच ऑफ करते हैं और न ही रीस्टार्ट। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर फोन को पूरे एक साल तक रीस्टार्ट न किया जाए, तो क्या होगा? आइए जानते हैं कि ऐसा करने से आपके फोन पर क्या असर पड़ता है।
रैम और सिस्टम मेमोरी पर दबाव बढ़ जाता
जब फोन लगातार चलता रहता है, तो उसकी रैम और सिस्टम मेमोरी पर दबाव बढ़ जाता है। बैकग्राउंड में कई ऐसी फाइलें और ऐप्स जमा हो जाते हैं जो फोन को भारी बना देते हैं। साथ ही कुछ सॉफ्टवेयर संबंधी समस्याएं सिस्टम में बनी रहती हैं। जिसके चलते आपका तेज-तर्रार फोन धीरे-धीरे सुस्त होने लगता है और ऐप्स खुलने में ज्यादा समय लेते हैं।
पहले की तुलना में स्लो काम करने लगता
बता दें कि अगर आपका स्मार्टफोन पूरे साल लगातार चालू रहता है तो जरूरी नहीं कि वह अचानक खराब हो जाए। हालांकि समय के साथ कुछ समस्याएं सामने आ सकती हैं। लंबे समय तक बिना रीस्टार्ट किए फोन चलाने से सिस्टम मेमोरी पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है। इसकी वजह से फोन पहले की तुलना में स्लो काम करने लगता है। ऐप्स खुलने में ज्यादा समय ले सकते हैं और मल्टीटास्किंग का एक्सपीरिएंस भी प्रभावित हो सकता है।
ऐप्स का बार-बार क्रैश होना
अगर फोन को लंबे समय तक रीस्टार्ट न किया जाए, तो कई ऐप्स 'अस्थिर' हो जाते हैं। आप कोई जरूरी काम कर रहे होंगे और ऐप अचानक अपने आप बंद हो जाएगा या स्क्रीन हैंग हो जाएगी।
बैटरी जल्दी खत्म होना
कई बार हमें लगता है कि फोन की बैटरी खराब हो गई है, इसलिए वह जल्दी खत्म हो रही है। लेकिन असल में बैकग्राउंड में लगातार चल रहे ऐप्स बैटरी खत्म कर देते हैं। नॉर्मल रीस्टार्ट करने से भी यह समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
सॉफ्टवेयर ग्लिच
समय पर नोटिफिकेशन न आना, वाई-फाई या ब्लूटूथ कनेक्ट होने में दिक्कत आना जैसी छोटी-मोटी परेशानियां फोन के लगातार चालू रहने की वजह से हो सकती है। छोटे-मोटे सॉफ्टवेयर ग्लिच अक्सर रीस्टार्ट करने से ठीक हो जाते हैं।
सुरक्षा को खतरा
साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट्स के अनुसार, फोन को रीस्टार्ट करना सुरक्षा के लिहाज से भी बहुत जरूरी है। कई बार हैकर्स या खतरनाक मैलवेयर फोन की मेमोरी (RAM) में एक्टिव रहते हैं। जब आप फोन को रीस्टार्ट करते हैं, तो वो खतरनाक एक्टिविटी वहीं रुक जाती है।
रीस्टार्ट करने से क्या होता है?
फोन को रीस्टार्ट करने से उसका ऑपरेटिंग सिस्टम नए सिरे से लोड होता है। बैकग्राउंड में चल रहे फालतू के काम बंद हो जाते हैं और कैशे फाइलें साफ हो जाती हैं। इससे फोन को एक 'नई ऊर्जा' मिलती है और उसकी परफॉर्मेंस बेहतर हो जाती है।