Bike Clutch Tips: जो लोग सालों से बाइक चला रहे हैं शायद उन्हें भी ठीक तरह से ये पता नहीं होगा कि गियर बदलते समय आधा क्लच (हाफ क्लच) इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। जी हां गियर बदलते समय क्लच का सही इस्तेमाल बहुत जरूरी होता है। इससे बाइक की परफॉर्मेंस, माइलेज और पार्ट्स की उम्र पर सीधा असर पड़ता है। बता दें कि क्लच बाइक के इंजन और गियरबॉक्स के बीच कनेक्शन को नियंत्रित करने का काम करता है।
इंजन पर पड़ता है अनावश्यक दबाव
बता दें कि बाइक चलाते वक्त क्लच दबाते हैं, तो इंजन से गियर बॉक्स का संपर्क टूट जाता है, जिससे आप आसानी से गियर बदल सकते हैं। वहीं अगर आप गियर बदलते वक्त क्लच को सही तरीके से नहीं दबाते है, तो इससे गियर बदलना मुश्किल हो जाता है और इंजन पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। दबाव पड़ने की वजह से क्लच प्लेट्स भी जल्दी घिसने लगते हैं।
हाफ क्लच चलाने से होने वाले नुकसान
इंजन और गियरबॉक्स के बीच तालमेल बिगड़ने से बाइक का माइलेज भी घटने लगता है और समय से पहले क्लच को बदलवाने की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए आप जब भी बाइक में गियर बदले, तो क्लच को हमेशा पूरी तरह दबाएं और फिर उसे धीरे-धीरे छोड़े। यह प्रक्रिया गियर बदलने को न केवल आसान बनाती है बल्कि राइडिंग के दौरान झटके भी महसूस नहीं होने देती है। ऐसा करने से गियर बॉक्स और इंजन दोनों अच्छा प्रदर्शन करते हैं। साथ ही आपका मेंटेनेंस खर्च भी कम रहता है।