बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर बढ़ती हिंसा पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जाहिर की जा रही है। वॉशिंगटन डीसी में नेशनल प्रेस क्लब इस बैठक का आयोजन कर रहा है। यह बैठक 9 फरवरी को शाम पांच बजे होगी। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और बढ़ने की उम्मीद है। धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है।
सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन होगा
हिंदू, ईसाई और बौद्ध समुदायों पर हो रहे कथित हमलों और उत्पीड़न के मामलों को लेकर वैश्विक समुदाय से इस स्थिति पर गंभीरता ध्यान देने की अपील की गई है। इसी सिलसिले में अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक महत्वपूर्ण कांग्रेसनल ब्रीफिंग और उसके बाद प्रेस क्लब में सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ा वैश्विक सवाल
आयोजकों के अनुसार, बांग्लादेश में हाल के महीनों में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा, डराने-धमकाने, धार्मिक स्थलों पर हमलों और सामाजिक असुरक्षा की घटनाएं बढ़ी हैं। इन घटनाओं को सिर्फ आंतरिक कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि मानवाधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ा वैश्विक सवाल बताया जा रहा है।
राजनीतिक प्रभावों पर जानकारी साझा करेंगे
कार्यक्रम के तहत सबसे पहले दोपहर 1:00 बजे अमेरिकी संसद परिसर के रेबर्न हाउस ऑफिस बिल्डिंग (एचओबी) में एक कांग्रेसनल ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी। इस ब्रीफिंग में विशेषज्ञ, मानवाधिकार कार्यकर्ता और समुदाय प्रतिनिधि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की मौजूदा स्थिति, हिंसा के पैटर्न और इसके सामाजिक-राजनीतिक प्रभावों पर जानकारी साझा करेंगे। साथ ही, अमेरिकी नीति और संभावित कूटनीतिक कदमों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
पीड़ित समुदायों की आवाज वैश्विक मंच तक पहुंचेगी
इसके बाद शाम 5:00 बजे वॉशिंगटन के प्रतिष्ठित नेशनल प्रेस क्लब में एक और कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मीडिया, थिंक टैंक, नागरिक समाज और आम जनता के साथ खुली चर्चा के जरिए इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि मीडिया की सक्रिय भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय दबाव बनेगा और पीड़ित समुदायों की आवाज वैश्विक मंच तक पहुंचेगी।