
बरेली के सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार देर रात बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया. विला नंबर 40 स्थित घर में उस वक्त उनके पिता और सेवानिवृत्त डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी, मां और सेना में मेजर बहन खुशबू पाटनी मौजूद थीं. आधी रात करीब 8–10 राउंड फायरिंग हुई जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया.
पिता बोले- "आड़ लेकर बच पाए, पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा"
जगदीश सिंह पाटनी ने बताया कि फायरिंग की आवाज से नींद टूट गई और बाहर आने की कोशिश की. उन्होंने कहा, “हम सब बेहद डरे हुए थे, आड़ लेकर जान बचानी पड़ी. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और तुरंत सुरक्षा दे दी. योगी जी के प्रदेश में गुंडागर्दी की कोई जगह नहीं होनी चाहिए.”
गोल्डी बरार का नाम आया सामने
घटना के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट वायरल हुई. इसमें लिखा गया कि खुशबू और दिशा पाटनी ने संतों का अपमान किया, यह तो केवल ट्रेलर है, अगली बार जान से मार देंगे. इस पोस्ट में कई कुख्यात गैंगस्टरों को टैग किया गया और जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ली.
ये भी पढ़ें : 14 September को महामुकाबला, T20 Asia Cup में India-PAK की पहली टक्कर, 5 भारतीय सितारों से होंगी सबसे ज्यादा उम्मीदें
पुलिस ने बनाई पांच टीमें, फॉरेंसिक की मदद से जांच
फायरिंग की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीनियर एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को जिम्मेदारी दी गई है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गोल्डी बरार के नेटवर्क पर अलर्ट जारी कर दिया गया है.
पाटनी परिवार को दी गई कड़ी सुरक्षा
पुलिस प्रशासन ने पाटनी परिवार को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा में कोई ढील नहीं बरती जाएगी. घर के बाहर गार्ड तैनात कर दिए गए हैं और पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलाए गए डराने वाले संदेशों पर भी साइबर सेल निगरानी रख रहा है.
तनाव के बीच माहौल शांत रखने की अपील
यह वारदात पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. ये हाई-प्रोफाइल मामला अब सीधे गैंगस्टर नेटवर्क और सेलिब्रिटी परिवार की सुरक्षा से जुड़ गया है. पुलिस की चुनौतियां बड़ी हैं, लेकिन प्रशासन का दावा है कि पाटनी परिवार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।