जनपद में आगामी पर्व महाशिवरात्रि, होली, रमजान एवं ईद को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जनपद पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्त एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए निगरानी
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर परिसरों में यातायात व्यवस्था हो सुचारु
एसएसपी ने कहा कि होली के दौरान जबरन रंग डालने, हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने तथा स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। महाशिवरात्रि के अवसर पर कांवड़/जलाभिषेक मार्गों एवं मंदिर परिसरों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने हेतु विशेष प्लान लागू किया गया है। रमजान एवं ईद के दौरान नमाज स्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को पहले ही स्थलीय भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं।