Diwali 2026 Date: दिवाली आने से पहले ही घरों में रौनक बढ़ने लगती है। कहीं सफाई का काम चल रहा होता है, तो कहीं लोग घर को सजाने के लिए दीये और लाइटें खरीदते हैं। इस त्योहार पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है। लेकिन साल 2026 में दिवाली की तारीख को लेकर लोगों के मन में सवाल है कि त्योहार 8 नवंबर को मनाया जाएगा या 9 नवंबर को। दिवाली की तारीख अमावस्या तिथि और प्रदोष काल को ध्यान में रखकर तय की जाती है। आइए जानते हैं कि 2026 में दिवाली किस दिन मनाई जाएगी और लक्ष्मी पूजा के लिए कौन-सा समय शुभ रहेगा।
दिवाली 2026 की सही तारीख क्या है?
हिंदू पंचांग के मुताबिक, दिवाली कार्तिक महीने की अमावस्या को मनाई जाती है। साल 2026 में अमावस्या तिथि 8 नवंबर, रविवार को सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर शुरू होगी और 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर समाप्त होगी। इस गणना के अनुसार, दिवाली 8 नवंबर 2026, रविवार को मनाई जाएगी। इस पर्व पर शाम के समय प्रदोष काल में पूजा करना विशेष महत्व रखता है। इसलिए दिवाली की तारीख तय करते समय केवल अमावस्या तिथि ही नहीं, बल्कि प्रदोष काल का भी ध्यान रखा जाता है।
दिवाली पर लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त: शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:41 बजे से रात 8:17 बजे तक
निशिता काल: रात 11:44 बजे से 12:36 बजे तक
श्रद्धालु अपनी परंपरा और सुविधा के अनुसार शुभ समय में पूजा कर सकते हैं। दिवाली पर मां लक्ष्मी की आराधना धन, सुख और समृद्धि की कामना के लिए की जाती है। वहीं, भगवान गणेश की पूजा किसी भी शुभ काम में आने वाली बाधाओं को दूर करने और मंगल कार्यों की शुरुआत के लिए की जाती है।